Delhi Temperature: उत्तर भारत में अब दिन में गर्मी का एहसास होने लगा है। उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में टेंपरेचर बढ़ने के साथ ही दिल्ली भी गर्म होने लगी है। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और सोमवार तक इसके और ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने इसकी भविष्यवाणी की है।

सोमवार तक 3 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, सप्ताहांत में अधिकतम तापमान बढ़कर 31 डिग्री सेल्सियस और सोमवार तक इसकी 32 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है। दिल्ली में सप्ताहांत में आसमान साफ ​​रहने की उम्मीद है। इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, हवा में नमी का स्तर 33 से 79 प्रतिशत रहा।

पिछले सालों पर गौर करें तो फरवरी में दिल्ली का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा ही दर्ज किया गया है। उदाहरण के तौर पर फरवरी 2021 में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया था। वहीं, इसके अगले साल यह 28.4 डिग्री सेल्सियस था। इसके अलावा, फरवरी में सबसे ज्यादा तापमान 17 साल पहले 2006 में रिकॉर्ड किया गया था। उस साल फरवरी में तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

इस बीच, मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि की उम्मीद है। शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। न्यूनतम तापमान 21 फरवरी तक बढ़कर 14 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। आईएमडी ने शुक्रवार को जारी एक अपडेट में कहा कि अगले 5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री की वृद्धि होने की आशंका है।

कब तक रहेगी फरवरी में ऐसी गर्मी, मौसम विभाग के डीजी Dr. Mrityunjay Mohapatra से सुनिए

गुजरात और राजस्थान में भी बढ़ा तापमान

वहीं, गुजरात और राजस्थान के भी कुछ हिस्सों में पिछले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। गुरुवार को सौराष्ट्र, कच्छ और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि दिन का अधिकतम तापमान भुज में 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार, अगले तीन दिनों में गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और गोवा के तटीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।