राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के नेता उपेंद्र कुशवाहा ने शनिवार को कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल से मुलाकात की। इस मुलाकात में कुशवाहा और पटेल के बीच मौजूदा राजनीति को लेकर चर्चा हुई। बता दें, कुछ दिन पहले ही उपेंद्र कुशवाहा ने NDA से अपना गठबंधन तोड़ लिया था। बिहार में सीटों के बंटवारे को लेकर उपेंद्र कुशवाहा, बीजेपी और जदयू से नाराज चल रहे थे। खबरों के मुताबिक एनडीए की तरफ से कुशवाहा की पार्टी को सिर्फ 2 सीटें दी जा रही थी जिससे वो नाराज थे। मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कुशवाहा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा था कि केंद्र सरकार बिहार की जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। बिहार को स्पेशल पैकेज दिलाने के लिए कुछ नहीं किया गया।

दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के बड़े नेता और राज्यसभा सांसद अहमद पटेल से कुशवाहा की मुलाकात को काफी अहम मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन बाद कुशवाहा की मुलाकात सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ भी हो सकती है।  खबरों के मुताबिक लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस-आरजेडी के साथ कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी का गठबंधन हो सकता है। कुशवाहा की पार्टी का बिहार के कई इलाकों में प्रभाव है जिसका फायदा इस गठबंधन को मिल सकता है।

2014 लोकसभा चुनाव में कुशवाहा की पार्टी ने NDA के साथ चुनाव लड़ा था और राज्य की 40 लोकसभा सीटों में से तीन सीटों पर कब्जा किया था। जिसके बाद कुशवाहा को केंद्र में मंत्री पद भी मिला था। एनडीए की बात करें तो बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहले ही लोकसभा चुनाव में बराबर-बराबर सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। बताया जा रहा है कि भाजपा और JDU 17-17 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। वहीं रामविलास पासवान की पार्टी एलजेपी 6 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है।