दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने माओवादियों को कारतूस की आपूर्ति करने वाले एक तस्कर को बिहार के आरा स्थित उसके गांव से गिरफ्तार किया है। तस्कर पर एक लाख रुपए का इनाम भी घोषित था। गिरफ्तार तस्कर की पहचान राज बहादुर उर्फ राज किशोर (35) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि राज बहादुर ओड़ीशा के माओवादियों को कारतूस की आपूर्ति करता था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 35 कारतूस जब्त किए हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। स्पेशल सेल के उपायुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि 23 जनवरी को सूचना मिली थी कि माओवादियों को कारतूस की आपूर्ति करने वाला तस्कर इन दिनों बिहार के आरा की शिवगंज कॉलोनी में अपने घर में छिपा है। सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम बिहार भेजी गई, जिसने स्थानीय पुलिस की मदद से राज बहादुर को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर 35 कारतूस जब्त किए।
पूछताछ में पता चला कि तस्कर का साला राम किशन सिंह कारतूसों की तस्करी करता था। राज बहादुर निर्माण स्थलों पर मजदूरों की आपूर्ति करता था। इसी दौरान मुंबई में उसकी मुलाकात अजीत राय नामक एक तस्कर से हुई, जो कारतूसों की तस्करी करता था। बाद में वह भी ओड़ीशा में विभिन्न माओवादी संगठन को कारतूस की आपूर्ति करने लगा। राज बहादुर इससे पहले भी लूटपाट और हत्या की कोशिश के मामले में गिरफ्तार हो चुका है।

