ॉ
दिल्ली में कांग्रेस ने दिल्ली न्याय यात्रा शुरू कर दी है। इस यात्रा को भारत जोड़ो यात्रा जैसा ही माना जा रहा है जहां पर जमीन पर उतर लोगों से बात की जाएगी, उनकी समस्याओं को सुना जाएगा। यह यात्रा 8 नवंबर से शुरू होने जा रही है और 4 दिसंबर तक चलेगी, इसके जरिए सभी 70 विधानसभा सीटों को कवर किया जाएगा।
दिल्ली में कांग्रेस क्यों शुरू कर रही यात्रा?
कांग्रेस का तर्क है कि इस एक यात्रा के जरिए वर्तमान आम आदमी पार्टी सरकार पर दबाव बनाया जाएगा और बीजेपी को निशाने पर लिया जाएगा। चारण चरणों में इस यात्रा को संपन्न करने की तैयारी है जिसकी शुरुआत गांधी समाधी से की जाएगी। इस यात्रा को लॉन्च करते हुए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चीफ देवेंदर यादव ने कहा कि 250 से 300 कार्यकर्ता इस यात्रा में लगातार साथ रहने वाले हैं। इस यात्रा के समय आम लोगों के साथ संपर्क बनाया जाएगा, उनकी समस्याओं को सुना जाएगा और समाधान खोजने की भी पूरी कोशिश रहेगी।
यात्रा का उदेश्य क्या रहने वाला है?
आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया गया है कि पिछले 11 सालों से लोगों की समस्याओं को नहीं सुना गया है। केजरीवाल की सरकार आई जरूर बड़े वादों के साथ थी, लेकिन जनता को सिर्फ लूटने का काम हुआ। मोदी सरकार ने सिर्फ वादा खिलाफी की है। कांग्रेस की तरफ से एक वीडियो भी जारी किया गया है जिसमें बताया गया है कि आम आदमी पार्टी और बीजेपी ने अंबेडकर के मूल्यों का अपमान किया है। यहां तक बोला गया है कि आप सरकार ने दिल्ली को एक गैस चेंबर में तब्दील कर दिया है, पानी की निकासी वाली समस्या को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है।
भारत जोड़ो यात्रे से है प्रेरित?
वैसे इस यात्रा को कांग्रेस के लिहाज से इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने पार्टी को खासा फायदा दिया था। कई सीटों पर पार्टी की स्थिति मजबूत दिखी थी, कई पर जीत भी मिल गई थी। ऐसे में जनसंपर्क कार्यक्रम के जरिए देश की सबसे पुरानी पार्टी खोई हुई जमीन को फिर तलाशने की कोशिश में दिख रही है।
यात्रा का पूरा शेड्यूल
पहला चरण 8 से 13 नवंबर- यह चांदनी चौक से शालीमार बाग तक 16 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगा
दूसरा चरण 15 नवंबर से 20 नवंबर- करावल नगर से जंगपुरा तक 18 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया जाएगा
तीसरा चरण 22 से 27 नवंबर- अन्य 16 निर्वाचन क्षेत्रों को कवर करते हुए (बवाना से द्वारका तक)
चौथा चरण 29 नवंबर से 4 दिसंबर- 20 निर्वाचन क्षेत्रों को कवर करते हुए (हरि नगर से तिमारपुर तक)