Delhi Rain: दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में रविवार को तेज हवाओं के साथ में बारिश हुई। इसकी वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। नोएडा में भी जोरदार बारिश हुई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बारिश होने की वजह से कई इलाकों में पेड़ भी उखड़ गए हैं। इस बात की जानकारी पीडब्ल्यूडी ने दी है। दिल्ली लोक निर्माण विभाग ने कहा कि उसे साउथ, मध्य और रोहिणी क्षेत्रों से जलभराव और पेड़ उखड़ने की पांच शिकायतें मिली है।
मौसम विभाग की अगर माने तो 2 दिनों के दौरान राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ज्यादा तेज बारिश तो नहीं होगी लेकिन 6 अगस्त के बाद में मौसम करवट बदलेगा। आईएमडी ने बताया कि 6 से 8 अगस्त तक काफी खराब मौसम रहेगा। इस दौरान हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग की तरफ से येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
दिल्ली में कितना रहा आज का तापमान
वहीं देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में टेंपरेचर की बात करें तो अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। साथ ही, न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह भी मौसम के औसत से एक डिग्री ज्यादा है। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अगस्त तक उमस भरी गर्मी परेशान करने वाली है। हाल के दिनों में हुई बारिश से दिल्ली में जगह-जगह पर पानी भर गया है।
IMD Weather Forecast: दिल्ली-NCR में बारिश से मौसम हुआ सुहाना, हिमाचल-उत्तराखंड को लेकर IMD का अलर्ट
जुलाई का महीना इस बार रहा काफी गर्म
जुलाई का महीना इस बार काफी गर्म रहा है। पिछले महीने में ज्यादातर दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से ज्यादा ही रहा। 27.7 डिग्री सेल्सियस के औसत न्यूनतम तापमान के साथ इस बार का दिल्ली में जुलाई (30 जुलाई तक) का महीना पिछले 10 सालों में सबसे ज्यादा गर्म रहा। जुलाई में सामान्य तौर पर अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रहता है। लेकिन इस बार जुलाई में टेंपरेचर और उमस बहुत ही ज्यादा रही थी। वहीं अब अगर जुलाई के महीने में बारिश की बात करें तो यह भी पिछले साल की तुलना में कम ही पड़ी थी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक से 30 जुलाई के बीच 203 मिमी बारिश हुई। वहीं पिछले साल इस टाइम 384 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।