लोकसभा चुनाव से पहले मशहूर अभिनेत्री मौसमी चटर्जी आज भाजपा में शामिल हो गईं। दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की उपस्थिति में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। इससे पहले मौसमी चटर्जी साल 2004 में कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। लेकिन तब उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। बताया जा रहा है कि वह इस बार लोकसभा का चुनाव फिर लड़ सकती है।

बता दें कि मौसमी चटर्जी का जन्म 26 अप्रेल 1948 को कोलकाता में हुआ था। वह हिंदी और बंगाली सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री हैं। उन्होंने राजेश खन्ना, शशि कपूर, जितेंद्र और संजीव कुमार जैसे दिग्गज अभिनेताओं के साथ बॉलीवुड में काम किया है। गौरतलब है कि उनके भाजपा में शामिल होने के काफी समय से कयास लगाए जा रहे थे। भाजपा में शामिल होने से पहले मौसमी चटर्जी ने बीजेपी के कई बड़े नेताओं से मुलाकात की थी। बता दें कि मौसमी चटर्जी 2004 के बाद सक्रिय राजनीति में वापसी कर रही हैं। आज मौसमी चटर्जी ने दिल्ली पहुंचकर भाजपा के कई बड़े नेताओं से मुलाकात की। जिसके बाद चटर्जी ने शाम को भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के सामने भाजपा की औपचारिक सदस्यता ग्रहण की।

इसके पूर्व साल 2014 में मौसमी चटर्जी ने ममता बनर्जी से भी मुलाकात की थी, तब भी चर्चा थी कि वह लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ था। बता दें कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पिछले साल जून में माधुरी दीक्षित से मुंबई स्थित उनके आवास पर मुलाकात की थी। जिसके बाद माधुरी के बारे में खबर आई थी कि वह भाजपा में शामिल हो सकती हैं, और लोकसभा चुनाव में पुणे से चुनाव लड़ सकती हैं।