Arvind Kejriwal Arrest: दिल्ली शराब घोटाला मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं के जुबानी हमले तेज हो गए हैं। पार्टी अब पीएम आवास को घेरने की तैयारी कर रही है। आतिशी के बाद दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी पर हमला बोला है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर गुंडागर्दी करने का आरोप लगाया है।

दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अरविंद केजरीवाल, सत्येन्द्र जैन और मनीष सिसोदिया आप के परिवार के सदस्य हैं। इसलिए, पार्टी ने इस साल होली नहीं मनाने का फैसला किया है। अब हम अरविंद केजरीवाल के जेल से रिहा होने के बाद ही होली मनाएंगे। सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि आदर्श आचार संहिता के दौरान एक मौजूदा सीएम और एक राष्ट्रीय पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक को गिरफ्तार कर लिया गया। इस बात से पूरी दुनिया हैरान है। सभी विपक्षी दलों ने फैसला किया है कि हम 31 मार्च को रामलीला मैदान में एक विशाल रैली करेंगे।

पीएम मोदी को चुनौती दे सकते हैं केजरीवाल- आतिशी

आम आदमी पार्टी नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा कि आप के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हैं। अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री थे, हैं और रहेंगे। यह बिल्कुल साफ है कि वे ही मुख्यमंत्री रहेंगे चाहे सरकार जेल के अंदर से चले या बाहर से। उन्होंने पीएम मोदी को पता है सिर्फ अरविंद केजरीवाल ही उन्हें चुनौती दे सकते हैं। पीएम मोदी केजरीवाल को खत्म करना चाहते है। उन्होंने कहा कि बिना किसी सबूत के केजरीवाल को हिरासत में लिया गया है। ईडी के पीछे छिपकर बीजेपी अपनी राजनीतिक लड़ाई लड़ रही है।

आप ने शुरू किया डीपी कैंपेन

CM अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आप ने सोशल मीडिया कैंपेन शुरू किया। इस कैंपेन के तहत AAP के सभी नेता, कार्यकर्ता अपनी डीपी बदलेंगे और एक ही डीपी लगाएंगे। आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने कहा कि PM मोदी के इस डर को, अरविंद केजरीवाल की चिंगारी को घर-घर तक पहुंचाने के लिए, आज पूरे देश में DP कैंपेन की शुरुआत हो रही है।