उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सोमवार को दिल्ली, जम्मू, श्रीनगर और शिमला में तापमान रिकॉर्ड स्तर को छू गया। वहीं तेलंगाना में गर्मी के चलते मरने वालों की संख्या 178 तक पहुंच गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर प्रदेश, दिल्ली में अभी गर्मी का प्रकोप अभी और बढ़ने की संभावना है। टूरिस्ट इन दिनों गर्मी से बचने के लिए हिमाचल प्रदेश का बड़े पैमाने पर रुख कर रहे हैं।

गर्मी के कारण लखनऊ में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। सोमवार को दिल्ली का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा था। वहीं मंगलवार को उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।

तेलंगाना में लू के चलते मरने वालो की संख्या 178 तक पहुंच गई है। तेलंगाना के नालगोंडा जिले में सबसे अधिक 53 लोगों की गर्मी के चलते मौत हुई है।  वहीं महबूबनगर में मृतकों का संख्या 33 और मेडक में 30 लोग मौत का शिकार हो चुके हैं। इसके अलावा अदिलाबाद में 17, करीमनगर में 10 और खाम्माम और रंगा रेड्डी में 9 लोगों गर्मी का शिकार हुए है। अगर गर्मी इस स्तर से बढ़ती रही तो जून में गर्मी से मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।