दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार (24 अप्रैल, 2023) को श्रम विभाग के अधिकारियों को मजदूरों के लिए मकान व होस्टल (आश्रयस्थलों) की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, मजदूरों के लिए डीटीसी की बसों में मुफ्त सफर की सुविधा के लिए ईयरली पास देने की भी घोषणा की गई है। साथ ही मजदूरों के बच्चों को फ्री कोचिंग की सुविधा भी दी जाएगी।

इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय ने सिलसिलेवार कई ट्वीट किए हैं। एक ट्वीट में कहा गया, “मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज श्रम विभाग के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने विभाग को आदेश दिया कि सरकारी सुविधाओं और योजनाओं को दिल्ली में पंजीकृत सभी 13 लाख श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए काम हो।”

कार्यालय ने कहा, “बैठक में इन बिंदुओं पर फैसले किए गए – सभी श्रमिकों को बसों में मुफ्त सफर के लिए सालाना डीटीसी (दिल्ली परिवहन निगम) पास दिए जाए। श्रमिकों के रहने के लिए मकानों व होस्टल की व्यवस्था की जाए। सभी श्रमिकों के बच्चों के लिए मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था हो। सभी श्रमिकों को टूलकिट दिए जाएंगे व बड़े स्तर पर उनके लिए स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम चलाए जाएंगे। सभी श्रमिकों को ईएसआई (कर्मचारी राज्य बीमा निगम) और ग्रुप इंश्योरेंस दिए जाएंगे।”

बताया गया कि दिल्ली में अभी तक 13.4 लाख रजिस्टर्ड निर्माण मजदूर हैं। मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में इन मजदूरों के जीवन और कल्याण में सुधार करने के उद्देश्य से कई उपायों की पहचान की थी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि जो पहले इसका उपयोग कर रहे हैं, उनके अलावा हर मजदूर को मुफ्त बस पास देने के रास्ते तलाशें। उन्होंने अधिकारियों को डीटीसी के साथ यह चर्चा करने के लिए भी कहा था कि क्या सरकार मजदूरों की ओर से इन पासों के लिए एक तय दाम का भुगतान कर सकती है, ताकि मजदूर मुफ्त में बसों की सवारी कर सकें।