Delhi CM Swearing-In: दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 12 दिन बार 20 फरवरी को नए सीएम रामलीला मैदान में शपथ लेंगे। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक मुख्यमंत्री का चेहरा तय नहीं किया है। पार्टी ने 19 फरवरी को विधायक दल की बैठक बुलाई है। इसमें सीएम की घोषणा होगी। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी समेत बीजेपी के बड़े नेताओं के अलावा एनडीए के नेता भी शामिल होंगे। इसी बीच बिहार के सीएम नीतीश कुमार इस शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा नहीं लेंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शपथ ग्रहण में उनके ना आने की वजह 20 और 21 तारीख की उनकी प्रगति यात्रा बताई जा रही है। नीतीश कुमार की गैरमौजूदगी में बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा मौजूद रहेंगे। सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा बिहार भारतीय जनता पार्टी के नेता है। इसलिए जेडीयू ने अपनी तरफ से दो नेताओं को भेजने का फैसला किया है। जेडीयू की ओर से पार्टी के नेता संजय झा और ललन सिंह शामिल होंगे।

क्या बीजेपी दिल्ली को देगी एक महिला मुख्यमंत्री?

19 फरवरी को बीजेपी विधायक दल की बैठक

19 फरवरी को बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी और 20 फरवरी को दिल्ली के सीएम का शपथ ग्रहण समारोह होगा। शपथ ग्रहण समारोह के लिए रामलीला मैदान में विशाल पंडाल तैयार किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह के लिए तीन अलग-अलग मंच बनाए जा रहे हैं। तीनों मंचों पर करीब 150 कुर्सियां ​​लगाई जाएंगी। एक बड़े मंच पर प्रधानमंत्री, उपराज्यपाल, नवनियुक्त मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्य मौजूद रहेंगे। दूसरे मंच पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। एक मंच पर सम्मानित अतिथियों और संतों को जगह दी जाएगी। मैदान में बीस हजार से ज्यादा कुर्सियां ​​और सोफा सेट रखे जाएंगे। पूरे मैदान पर लाल कालीन बिछाया जाएगा।

ये बड़े चेहरे मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल

दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के लिए पांच नाम सामने आए हैं। इनमें प्रवेश वर्मा, रमेश बिधूड़ी, मनोज तिवारी, कपिल मिश्रा, रेखा गुप्ता और विजेंदर गुप्ता का नाम शामिल है। दिल्ली मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 7 मंत्री हो सकते हैं। ऐसे में चर्चा है कि दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों से एक-एक भारतीय जनता पार्टी के विधायक को चुना जा सकता है। बिहार और पंजाब चुनाव के अलावा जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखते हुए इन्हें चुना जाएगा। दिल्ली के सीएम के नाम से जुड़ी तमाम बड़ी अपडेट्स के लिए पढ़ें लाइव ब्लाग…