Rekha Gupta Death Threat: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। टाइम्स ऑफ़ इंडिया के मुताबिक, धमकी देने वाले शख्स का नाम श्लोक त्रिपाठी है और वह 25 साल का है। पुलिस ने बताया कि वह लगातार अपनी पहचान को बदलता रहता है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शराब के नशे में यह धमकी भरा फोन किया था। स्पेशल सेल के दफ्तर में श्लोक त्रिपाठी से पूछताछ की जा रही है।
गाजियाबाद पुलिस ने बताया था कि गुरुवार देर रात को पुलिस कंट्रोल रूम में मुख्यमंत्री के लिए धमकी भरा फोन कॉल आया। पुलिस ने इस बारे में दिल्ली में कंट्रोल रूम को जानकारी दी। पुलिस ने बताया है कि कुछ ही देर बाद फोन नंबर बंद हो गया।
बताना जरूरी होगा कि 70 विधानसभा सीटों वाली दिल्ली में बीजेपी ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की थी जबकि आम आदमी पार्टी को केवल 22 सीट मिलीं। कांग्रेस का इस बार भी खाता नहीं खुल सका था। दिल्ली की सत्ता में 27 साल बाद बीजेपी की वापसी हुई है। चुनाव में जीत के बाद बीजेपी ने रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाया था।
CM रेखा गुप्ता के लिए फाइनल हो गया घर, जानिए कहां रहेंगी मुख्यमंत्री?
गाजियाबाद के असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (कोतवाली) रितेश त्रिपाठी ने बताया, “गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे 112 कंट्रोल रूम नंबर पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री की हत्या कर दी जाएगी। हमने तुरंत दिल्ली पुलिस को बताया और कॉल करने वाले का पता लगाने के लिए एक टीम भी बनाई।”
फोन कॉल के आने के बाद दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा बढ़ा दी है। दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री को Z कैटेगरी का सिक्योरिटी कवर दिया है।
दिल्ली में बकरीद पर गाय और ऊंट की कुर्बानी पर रोक,सरकार ने जारी की विशेष एडवाइजरी
गृह मंत्रालय की ‘येलो बुक’ के मुताबिक Z कैटेगरी की सुरक्षा वाले व्यक्ति को लगभग 22 से 25 सुरक्षाकर्मी मिलते हैं। इसमें निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ), एस्कॉर्ट, वॉचर और आठ स्टेटिक आर्म गार्ड भी शामिल होते हैं। हाल ही में पुलिस को दो और धमकी भरे ईमेल आए थे जिसमें कहा गया था कि उद्योग भवन और निर्माण भवन की सरकारी इमारतों को उड़ा दिया जाएगा लेकिन जांच में यह फर्जी कॉल निकली।
कौन हैं रेखा गुप्ता?
रेखा गुप्ता ने पहली बार विधानसभा का चुनाव जीता है। वह शालीमार बाग सीट से विधायक चुनी गई हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार वंदना कुमारी को 29,595 वोटों के बड़े अंतर से मात दी है।
रेखा गुप्ता बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की सक्रिय सदस्य हैं। संघ की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के जरिये उन्होंने छात्र राजनीति में प्रवेश किया। 1994-95 में वह दौलत राम कॉलेज में सचिव चुनी गईं। 1995-96 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की सचिव बनीं। 1996-97 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष बनीं।
सत्येंद्र जैन की बढ़ सकती हैं मुश्किलें? 2000 करोड़ रुपये के क्लासरूम घोटाले में ACB की पूछताछ
बीजेपी में अहम पदों पर रहीं रेखा
रेखा गुप्ता 2003-2004 तक बीजेपी युवा मोर्चा दिल्ली में सचिव के पद पर रहीं। 2004-2006 में वह युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव बनीं। अप्रैल 2007 में उत्तरी पीतमपुरा वार्ड से बीजेपी के टिकट पर पार्षद बनीं। नगर निगम में पार्षद बनने के बाद उन्हें 2007-2009 तक महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। मार्च, 2010 में उन्हें भाजपा में राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया। मौजूदा वक्त में वह भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। रेखा गुप्ता शालीमार बाग वार्ड से पार्षद रही हैं।
यह भी पढ़ें- मुफ्त का राशन खाने वाले सरकारी कर्मचारियों पर एक्शन लेगी रेखा गुप्ता सरकार