जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सीआरपीएफ के एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से 3 जवानों की हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। आरोपी जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल गोली मारने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
सीआरपीएफ की 187 बटालियन के कमांडेंट हरिंदर कुमार के मुताबिक, ‘‘उधमपुर में 187वीं बटालियन के कैंप में कॉन्स्टेबल अजीत कुमार ने बुधवार (20 मार्च) रात 10 बजे इस घटना को अंजाम दिया। उसने तीन साथी जवानों को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। अजीत को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
National Hindi News Today Live: दिन भर की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
सीआरपीएफ के अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी जवान अजीत कुमार उत्तर प्रदेश के कानपुर का रहने वाला है। मृतकों की पहचान राजस्थान के रहने वाले हेड कॉन्स्टेबल पोकरमाल आर, दिल्ली के योगेंद्र शर्मा और हरियाणा के उम्मेद सिंह के रूप में हुई है। ऐसा बताया जा रहा है कि जवानों के बीच विवाद होने के बाद गोली चलाई गई। सीआरपीएफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
सीआरपीएफ के अधिकारियों की मानें तो यह घटना आपसी विवाद के चलते हुई है। हालांकि, सटीक कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है।