भारत में कोरोना वायरस का सबसे ज्यादा प्रकोप महाराष्ट्र में है। महाराष्ट्र में कुल मरीजों की संख्या 72300 हो गई है। वहीं अबतक 2197 लोग मर चुके हैं। राज्य की राजधानी मुंबई में 41986 संक्रमित मामले हैं। रोजाना यहां सैकड़ों की संख्या में लोग इस वायरस की चपेट में आ रहे हैं। मुंबई में हालत इतनी खराब है कि अस्पतालों में बिस्तरों की कमी है और लोगों को अस्पताल दर अस्पताल भटकना पड़ पड़ है। ऐसे में चक्रवाती तूफान ‘निसर्ग’ लोगों की मुसीबत और बढ़ा रहा है।
यूट्यूब चैनल ‘मोजो’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई में हालत इतनी खराब है कि लोगों को पॉज़िटिव होते हुए भी तीन-तीन बार अस्पताल बदलना पड़ रहा है। एक महिला ने बताया कि उन्होंने तीन अस्पताल बदले हैं। सुबह से यहाँ बैठा के रखा है। सुबह पोहा दिया था अभी चार बज गए हैं और कुछ भी खाने को नहीं दिया है। महिला बात करते-करते रोने लगी और कहा “हम लोग बिना कुछ खाये यही पड़े हुए हैं। मैं एक दमा की मरीज हूँ। बोले निमोनिया हुआ है, उसके बाद बोले कोविड 19 हो गया है।”
महिला ने रोते हुए कहा “यहाँ किसी ने खाना नहीं खाया है। हम लोग तो ऐसे ही मर जाएंगे और अस्पताल वाले हमारा नाम कोरोना वायरस से मरने वालों में लिख देंगे। ये नहीं बोलेंगे कि मरीज को भूखा प्यासा बैठाया था, इसलिए मर गया।” महिला ने आगे कहा कि सुबह से भूखे हैं, ऐसा लगता है हम यहा से मर कर ही घर जाएंगे। महिला ने कहा “घर वालों को क्वारंटाइन कर दिये। जिसके घर वाले हैं वो खाना ला के देते हैं। हमारे घर वाले नहीं हैं कौन देगा खाना।”
बता दें देश में कोरोना का प्रकोप बहुत तेजी से बढ़ रहा है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे अधिक 8,909 नये मामले सामने आए हैं जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बुधवार को 2,07,615 हो गयी, वहीं 217 लोगों की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 5,815 हो गया है। वहीं, देश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में पिछले 24 घंटे के दौरान इस महामारी के 27 नये मामले मिले हैं। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की कुल तादाद 3,570 से बढ़कर 3,597 हो गयी है।
