देशभर में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच राजधानी दिल्ली में भी कंटेंमेंट जोन्स की संख्या बढ़ गई है। राष्ट्रीय राजधानी में कंटेनमेंट जोन्स की संख्या 1200 के पार हो गई है। साउथवेस्ट दिल्ली में 234 सबसे अधिक कंटेमेंट जोन्स की संख्या है जबकि सबसे कम नॉर्थईस्ट दिल्ली में हैं जहां सिर्फ 29 केंटेमेंट जोन्स हैं।
रेवेन्यू डिपार्टमेंट की वेबसाइट के मुताबिक गुरुवार तक दिल्ली में 1272 कंटेंमेंट जोन हैं। सूबे के 11 जिलों में से 6 जिलों में 100 से अधिक कंटेंमेंट जोन हैं। साउथवेस्ट दिल्ली में 234, वेस्ट दिल्ली में 169, नॉर्थ दिल्ली में 148, साउथ दिल्ली में 145, सेंट्रल दिल्ली में 120 और ईस्ट दिल्ली में 104 कंटेंमेंट जोन हैं।
नॉर्थईस्ट दिल्ली में महज 29 कंटेंमेंट जोन हैं जबकि साउथईस्ट दिल्ली में 73, शहादरा में 74, नॉर्थलवेस्ट दिल्ली में 82 और नई दिल्ली में 94 कंटेमेंट जोन हैं।राजधानी दिल्ली में बीते 9 दिनों में कंटेंमेंट जोन की संख्या 50 फीसदी बढ़ गई है। एक सिंतबर को यहां 846 कंटेंमेंट जोन थे जो अब बढ़कर 1272 हो गए हैं।
बता दें कि भारत में एक दिन में कोविड-19 के सर्वाधिक 95,735 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़ कर बृहस्पतिवार को 44 लाख के पार हो गए। वहीं 1,172 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 75,062 हो गई। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बृहस्पतिवार तक 34,71,783 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।
मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में कोविड-19 के कुल 44,65,863 मामले सामने आ चुके हैं। उसके अनुसार मृत्यु दर गिर कर 1.68 प्रतिशत हो गई। मरीजों के ठीक होने की दर 77.74 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार देश में अभी 9,19,018 मरीजों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है, जो कुल मामलों का 20.58 प्रतिशत है।
