राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 3,714 नए मामले सामने आए जिसके बाद संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 2.56 लाख के पार पहुंच गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के कारण मरने वाले मरीजों की संख्या 5,087 पर पहुंच गई है। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी ताजा जानकारी के अनुसार कोविड-19 से 36 और लोगों की मौत हो गई। वर्तमान में दिल्ली में 30,836 मरीजों का इलाज चल रहा है। दिल्ली में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 2,56,789 हो गए है।

इससे पहले दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को कोरोना संक्रमण के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने बताया कि आम आदमी पार्टी के 48 वर्षीय नेता को यहां सरकारी लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  मनीष सिसोदिया ने 14 सितंबर को ट्वीट कर कहा था कि हल्का बुख़ार होने के बाद कोरोना टेस्ट क़राया था जिसकी रिपोर्ट पोज़िटिव आई है। मैंने स्वयं को आइसोलेट कर लिया है। फ़िलहाल बुख़ार या अन्य कोई परेशानी नहीं है मैं पूरी तरह ठीक हूं। आप सब की दुआओं से जल्द ही पूर्ण स्वस्थ होकर काम पर लौटूंगा।

वहीं, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन ने बुधवार को कहा कि दिल्ली के अस्पतालों में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है बल्कि अगले छह-सात दिन के लिए पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन है। देश के कुछ हिस्सों में चिकित्सकीय ऑक्सीजन की कमी होने की खबरों के बीच मंत्री का यह बयान आया है। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण की दर कुछ कम हुई है, इसमें अगले एक या दो सप्ताह में और कमी आने का अनुमान लगाया जा रहा है।

Live Blog

23:01 (IST)23 Sep 2020
सिसोदिया को ऐहतियात के तौर पर कराया गया भर्ती

अन्य अधिकारी ने कहा, ‘‘ उन्हें एहतियात के तौर पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है क्योंकि उनके शरीर का तापमान लगातार थोड़ा अधिक था और ऑक्सीजन का स्तर थोड़ा घट गया था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ डॉक्टर उनकी स्थिति का आकलन कर रहे हैं, लेकिन गंभीर जैसी कोई बात नहीं है।’’ अधिकारियों के अनुसार, सिसोदिया को एहतियात के तौर पर सघन चिकित्सा कक्ष में रखा जा रहा और वह ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं।

21:58 (IST)23 Sep 2020
रेल राज्यमंत्री सुरेश अंगड़ी का कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से निधन

केंद्र सरकार में रेल राज्यमंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे सुरेश अंगड़ी का बुधवार को कोरोनावायरस संक्रमण की वजह से निधन हो गया। दो हफ्ते पहले ही उनकी टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद उन्होंने ट्विटर के जरिए अपने संपर्क में आने वालों को स्वास्थ्य का ध्यान रखने और लक्षण दिखने पर टेस्ट कराने की सलाह दी थी। हालत बिगड़ने के बाद कर्नाटक के बेलगावी से सांसद अंगड़ी को AIIMS में भर्ती कराया गया था। हालांकि, इलाज के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। पढ़े पूरी खबर...

21:28 (IST)23 Sep 2020
डॉक्टरों की निगरानी में हैं उप मुख्यमंत्री सिसोदिया

सूत्रों ने बताया कि आम आदमी पार्टी के 48 वर्षीय नेता को शरीर में ऑक्सीजन का स्तर घटने और बुखार की शिकायत के बाद शाम चार बजे यहां सरकारी लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

20:56 (IST)23 Sep 2020
विधासभा सत्र में हिस्सा नहीं ले पाए थे सिसोदिया

संक्रमित होने की वजह से सिसोदिया 14 सितंबर को दिल्ली विधानसभा के एक दिवसीय सत्र में हिस्सा नहीं ले पाये थे। इससे पहले, बुधवार को दिन में उन्होंने ट्वीट करके कोंडली के विधायक कुलदीप कुमार की बेटी को जन्मदिन की बधाई दी थी।

20:29 (IST)23 Sep 2020
आंध्र प्रदेश में कोरोना के 7,228 नए मामले सामने आए, 45 मरीजों की मौत

आंध्र प्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस के 7,228 और मामले सामने आए, जिससे राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 6,46,530 लाख के पार हो गई, जब​​कि 8,291 और मरीज ठीक हो गए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बुधवार को सुबह नौ बजे तक पिछले 24 घंटों में राज्य में 45 मौतें हुईं, जिससे मृतकों की संख्या 5,506 हो गई। राज्य में अब तक कुल 53.02 लाख नमूनों की जांच हो चुकी है। राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित होने की दर 12.19 प्रतिशत है।

20:07 (IST)23 Sep 2020
मोदी ने कोविड की उच्च दर वाले सात राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ की समीक्षा बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश सहित सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक कर इन राज्यों में कोरोना वायरस संक्रमण की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। कोविड-19 के 63 फीसदी उपचाराधीन मरीज इन सात राज्यों में हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित इस बैठक में महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के अलावा आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, दिल्ली और पंजाब के मुख्यमंत्रियों और स्वास्थ्य मंत्रियों ने हिस्सा लिया।

19:27 (IST)23 Sep 2020
टीवी एक्ट्रेस श्वेता तिवारी कोरोना संक्रमित

कई धारावाहिकों में काम कर चुकी एक्ट्रेस श्वेता तिवारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई हैं। श्वेता ने खुद कोरोना संक्रमितहोने की जानकारी दी। अभिनेत्री ने कहा कि वह 2 अक्टूबर तक क्वारंटीन रहेंगी।

19:06 (IST)23 Sep 2020
कोविड-19: दिल्ली में घर में पृथकवास में रह रहे मरीजों की संख्या में कमी

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में घर में पृथक-वास में रह रहे कोविड​​-19 रोगियों की संख्या में पिछले दिनों की तुलना में मंगलवार को लगभग 750 की गिरावट दर्ज की गई। पिछले एक महीने में इन मामलों में यह सर्वाधिक गिरावट है। हालांकि, मंगलवार को भी निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या में वृद्धि जारी रही और यह संख्या बढ़कर 1,937 हो गई। सोमवार को, घर में पृथक-वास में रहने के मामले बढ़ कर 19,213 हो गया था जबकि निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या 1,889 थी।

18:34 (IST)23 Sep 2020
देश में कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या लगातार 5वें दिन नए मरीजों से ज्यादा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि देश में लगातार पांचवें दिन कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले से ज्यादा संख्या संक्रमण मुक्त होने वाले लोगों की रही। स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर अब 45,87,613 हो गई है। देश में स्वस्थ होने की दर 81.25 फीसदी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में 83,347 नए मामले आए हैं जबकि स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 89,746 है। मंत्रालय ने बताया कि केंद्रित रणनीतियों, समन्वित और सजग कदमों की वजह से देश में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़ रही है।

18:20 (IST)23 Sep 2020
14 चौदह राज्यों,UT में कोरोना संक्रमण की दर राष्ट्रीय औसत से कम

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि भारत में कोविड-19 जांच की संख्या 6.6 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है और आज की तारीख में प्रति 10 लाख की आबादी पर नमूनों की जांच की संख्या 48,028 हो गई है। इसके साथ ही देश में संक्रमण की दर का आंकड़ा 8.52 प्रतिशत है। मंत्रालय ने कहा कि देश में कोविड-19 जांच क्षमता में काफी वृद्धि हुई है और यह अब हर रोज 12 लाख से अधिक हो गई है। कुल 6,62,79,462 नमूनों की 22 सितंबर तक जांच की जा चुकी है। इनमें से 9,53,683 नमूनों की जांच मंगलवार को की गई।