कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर भाजपा पर तंज कसा। पूर्व सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी की हत्या करने वाली विचारधारा अपने कार्यकर्ताओं से एक महीने के लिए हर पंचायत में पदयात्रा निकालने की बात कह रही है।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि वे लोग वहां क्या करेंगे। उन्होंने कहा कि वे लोग गांधी को कैसे पेश करेंगे। आप लोगों के सामने गांधी की बात करोगे या गोडसे की। दिग्विजय सिंह बुधवार को महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर इंदौर के आनंद मोहन माथुर सभागार में कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वाट्सएप, फेसबुक जैसे सोशल मीडिया के जरिये महात्मा गांधी को बदनाम किया जा रहा है, जिस तरह से नाथू राम गोडसे को महिमामंडित किया जा रहा है। यह हमारे लिए दुर्भाग्य की बात है। इससे पहले गांधी जयंती पर राष्ट्रपिता के बारे में दिग्विजय सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी देश के हैं, वो सिर्फ कांग्रेस के नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि गांधी एक विचारधारा है और उन्होंने अपने जीवन देश की सनातन धर्म की परंपरा को अपनाया। उन्होंने देश को आजाद कराया। दिग्विजय सिंह परोक्ष रूप से भाजपा की तरफ से महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले पद यात्रा की बात कह रहे थे।

मालूम हो कि भाजपा ने गांधी जयंती के अवसर पर देशभर में अपने मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को पद यात्रा निकालने का निर्देश दिया है। यह पद यात्रा 2 अक्तूबर से 17 अक्तूबर तक चलेगी। इस 15 दिन की यात्रा में हर सांसद, विधायक को प्रत्येक दिन 10 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी। इस यात्रा के जरिये लोगों तक महात्मा गांधी का संदेश पहुंचाने की बात कही गई है। बीजेपी की इस ‘गांधी संकल्प यात्रा’ का नारा ‘मन में गांधी’ है।

इसके अंतर्गत केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल हैदराबाद से, केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडे़कर दिल्ली, निर्मला सीतारमण चेन्नई, पुरोषत्तम रूपाला तेलंगाना के हैदराबाद से यात्रा शुरू करने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया था।