कांग्रेस ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में उसके राज्य प्रमुख अजय कुमार लल्लू शनिवार से ही गायब हैं। कांग्रेस का कहना है कि अजय कुमार को शनिवार को ललितपुर पुलिस ने ‘गाय बचाओ, किसान बचाओ यात्रा निकालने के दौरान हिरासत में ले लिया था।’ हालांकि, ललितपुर पुलिस ने शनिवार रात को ही बयान जारी कर कहा कि उसने अजय कुमार को शनिवार रात को ही पूरी सुरक्षा के साथ लखनऊ भेज दिया था।

ललितपुर पुलिस के एसएसपी प्रमोद कुमार ने शनिवार रात को वीडियो बयान जारी कर कहा, “आज कांग्रेस ने ललितपुर जिले में एख यात्रा निकाली थी और अजय कुमार लल्लू उसका हिस्सा बने थे। चूंकि, प्रशासन ने ऐशी किसी रैली के लिए उन्हें इजाजत नहीं दी थी। इसलिए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। देर शाम को उन्हें निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। वे लखनऊ से आए थे और उनके साथ कोई नहीं था। उनके पास अपना फोन भी नहीं था। इसके बाद पुलिस सुरक्षा में उन्हें एक अफसर के साथ लखनऊ रवाना कर दिया गया।”

कांग्रेस के सूत्रों ने बाद में पुष्टि की अजय कुमार लल्लू शनिवार देर रात को लखनऊ पहुंच गए। हालांकि, इससे पहले कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि यूपी पुलिस कस्टडी में लेने के बाद से ही लल्लू की लोकेशन के बारे में नहीं बता रही है। यूपी कांग्रेस ने शनिवार रात 9.30 बजे ट्वीट किया था कि सीएम आदित्यनाथ की पुलिस शाम को ही लल्लू को लेकर निकल गई थी। पर कई घंटों तक उनकी लोकेशन पता नहीं चल पाई।

इससे पहले एक ट्वीट में कांग्रेस ने यूपी पुलिस के बर्ताव पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस ने लिखा, “जब बंगाल में भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा की कार का कांच टूट जाता है, तो भाजपा कहती है कि लोकतंत्र खतरे में है। यहां पुलिस ने हमारे राज्य प्रमुख को पिछले कई घंटों से बंदी बना रखा है, ताकि प्रदर्शन रुकवाया जा सके, ये लोकतंत्र है?”

बता दें कि शनिवार को ललितपुर में प्रदर्शनों के दौरान पुलिस ने लल्लू के साथ 50 अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत ने कहा था कि करीब दो दर्जन पार्टी कार्यकर्ता पुलिस द्वापरा बल इस्तेमाल करने की वजह से चोटिल हुए। कांग्रेस पहले ही ऐलान कर चुकी है कि वह बुंदेलखंड के अलग-अलग जिलों में गोशालाओं के खराब प्रबंधन को लेकर मोर्चा निकालेगी।