Gujarat Assembly polls: कांग्रेस ने गुजरात में अगले महीने होने वाले दो चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए बुधवार को 37 उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की है। पार्टी ने 182 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में कुल 179 प्रत्याशी घोषित किए हैं। उसने तीन सीटें सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के लिए छोड़ी हैं। NCP उमरेठ (आनंद जिला), नरोदा (अहमदाबाद) और देवगढ़ बरिया (दाहोद जिला) में चुनाव लड़ेगी।

कांग्रेस की ओर से जारी उम्मीदवारों की अंतिम सूची में पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला के पुत्र महेंद्र सिंह वाघेला का नाम भी है। महेंद्र सिंह वाघेला बायड विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा पालनपुर से महेश पटेल, गांधीनगर उत्तर से वीरेंद्र सिंह वाघेला, वड़ोदरा शहर से जी.परमार और कालोल से प्रभात सिंह को टिकट दिया गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला के पुत्र 2012 में बयाड से कांग्रेस के टिकट पर जीते थे। महेंद्र सिंह ने विधानसभा चुनावों से कुछ महीने पहले अगस्त 2017 में पार्टी छोड़ दी थी और बाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे, लेकिन पिछला चुनाव नहीं लड़ा। उन्होंने हाल ही में भाजपा छोड़ दी और कांग्रेस में शामिल हो गए।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने चार नवंबर को गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए 43 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए अपनी पहली सूची जारी की थी। इसके बाद 10 नवंबर को पार्टी ने 46 नामों की एक और सूची जारी की। वहीं, शुक्रवार को सात उम्मीदवारों की सूची जारी की गई। साथ ही नौ उम्मीदवारों की चौथी सूची शनिवार को जारी की गई थी।

वहीं बीजेपी ने आगामी गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के लिए बुधवार को अपनी पांचवी और आखिरी सूची जारी की। इस सूची में तीन उम्मीदवारों के नाम हैं। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार (14 नवंबर) को गुजरात चुनाव को लेकर उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट जारी की थी।

बता दें, बीते तीन नवंबर को भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission Of India) ने गुजरात चुनाव के तारीखों की घोषणा की थी। गुजरात में पहले चरण में 1 दिसंबर को 89 सीटों पर मतदान होगा,जबकि दूसरे चरण में 93 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। 182 सदस्यीय राज्य विधानसभा का कार्यकाल 18 फरवरी, 2023 को समाप्त हो रहा है।