कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘भाजपा और आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) कौरवों की तरह हैं और वे लोग सत्ता के लिए लड़ते रहते हैं। जबकि, कांग्रेस पार्टी पांडवों की तरह है, जो सच्चाई की लड़ाई लड़ती है।’ उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने आप में भ्रष्टाचार करार दिया और कहा, ‘प्रधानमंत्री ने देश की लगाम भ्रष्ट और ताकतवर लोगों को सौंप रखी है। वे भ्रष्टाचार से नहीं लड़ रहे, बल्कि अपने आप में भ्रष्टाचार हैं। मोदी का नाम अब बड़े कारोबारियों और प्रधानमंत्री के गठजोड़ का प्रतीक बन गया है।’ वे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में चल रहे कांग्रेस महाधिवेशन के आखिरी दिन समापन भाषण दे रहे थे।
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा इस वक्त कौरवों की तरह सत्ता के नशे में चूर है। कौरवों की तुलना में पांडव शांत रहते थे और यही उनकी शक्तियों में से एक थी। कौरव खुद को शक्तिशाली समझते थे लेकिन पांडवों ने आखिरकार धर्म की जीत कराई थी। कांग्रेस पार्टी भी भाजपा को ऐसे ही हराएगी। उन्होंने कहा कि अगली सरकार कांग्रेस बनाएगी। कांग्रेस पार्टी का संगठन सच्चाई का संगठन है। भारतीय जनता पार्टी सिर्फ एक संगठन की आवाज है, जबकि कांग्रेस पूरे देश की आवाज है। उन्होंने कहा, ‘भाजपा अब चुनाव हार रही है। आपने प्रधानमंत्री मोदी के चेहरे में बदलाव देखा होगा। उन्हें लग रहा है कि गुजरात में तो किसी तरह निकल गए, लेकिन 2019 में नहीं निकल पाएंगे।’ राहुल ने कहा, ‘भाजपा ने एक हत्या के आरोपी को अपनी पार्टी का अध्यक्ष बनाया है, लेकिन कांग्रेस पार्टी में ऐसा कभी नहीं होगा।’ कांग्रेस अध्यक्ष ने याद दिलाया कि जब कांग्रेस के नेता आजादी की लड़ाई में संघर्ष कर रहे थे, उस समय सावरकर माफी की भीख मांग रहे थे।
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा के लोग सोचते हैं कि वे जनता से ऊपर हैं। कुछ और हैं। मोदी जी अपने को भगवान समझते हैं। राहुल ने रफाल विमान सौदे को लेकर कहा कि हमने एक विमान के लिए 570 करोड़ दिए थे, जबकि मोदी जी ने उसी के लिए 1670 करोड़ दिए। आप लड़ाकू विमानों को भूल जाइए, आप ऐसे आदमी पर सब्जी खरीदने के लिए भी भरोसा नहीं कर सकते। नरेंद्र मोदी सरकार की नीतियों को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि इस समय देश में हर तरफ चीन के उत्पाद नजर आते हैं। मेड इन इंडिया कहां है? दरअसल, मेड इन इंडिया और स्वच्छ भारत आदि सब मोदी माया के प्रतीक हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी देश को असल मुद्दों से भटका रहे हैं। बैंक कर्ज घोटालों को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार भ्रष्टाचारियों का साथ दे रही है।
राहुल गांधी ने विदेश नीति पर केंद्र की सरकार को असफल बताया और कहा कि पाकिस्तान लगातार सीमा रेखा पर संघर्षविराम का उल्लंघन कर रहा है। तिब्बत, मालदीव और डोकलाम में चीन की मौजूदगी चिंताजनक है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चीन हर जगह मौजूद है चाहे हमारा बाजार हो, घर हो या डोकलाम, पाकिस्तान, मालदीव या श्रीलंका हो। उन्होंने कहा, ‘अभी दुनिया के भीतर दो तरह का विजन है- एक अमेरिका और दूसरा चीन का। मैं चाहता हूं कि 10 वर्ष के भीतर पूरी दुनिया में एक और विजन भारत का विजन विकसित हो।’ उन्होंने कहा कि देश में रोजगार नहीं हैं, किसान मर रहे हैं और प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि चलो इंडिया गेट पर योग करते हैं। एक तरफ हम दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था हैं लेकिन देश के युवाओं के पास रोजगार नहीं है। उन्होंने एसएससी घोटाले के मुद्दे पर कहा कि हमारी सरकार आएगी तो सिर्फ पैसे वालों के लिए ही शिक्षा नहीं रहेगी। हम उच्च शिक्षा में बदलाव करेंगे।

