Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार (4 नवंबर, 2022) को देर रात अपने 43 उम्मीदवारों के नाम की पहली लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति ने नई दिल्ली में एआईसीसी मुख्यालय में बैठक के बाद लिस्ट को जारी किया। कांग्रेस महासिचव मुकुल वासनिक ने लिस्ट को जारी करते हुए बताया कि आगे उचित समय पर बाकी विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जाएगी। गुजरात में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं की है।
वहीं आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को गुजरात में इशुदान गढ़वी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है। मुख्यमंत्री चेहरा बनते ही गढ़वी ने जनता से वादों की झड़ी लगा दी है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री बनने के बाद किसानों की कर्जमाफी, फसल के दाम, बिजली और सिंचाई पर सबसे पहले काम करेंगे। इतना ही नहीं उन्होंने बिजली में छूट देते हुए जनता से वादा किया कि आप की पत्नियों को बिजली का बिल नहीं भरना होगा।
बता दें, गुजरात में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा गुरुवार को की गई थी। गुजरात में 1 दिसंबर और 5 दिसंबर को दो चरणों में मतदान होगा। गुजरात में हिमाचल प्रदेश के साथ ही 8 दिसंबर को मतगणना होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त अनुप चंद्र पांडेय ने प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया था कि गुजरात में इस बार कुल 4.9 करोड़ वोटर मतदान में हिस्सा लेंगे। इनमें से 3,24,422 नए वोटर हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि गुजरात विधानसभा का कार्यकाल 18 फरवरी को समाप्त हो रहा है, जिसमें अभी करीब 100 दिन बाकी हैं। 10 अक्टूबर, 2022 को राज्य में मतदाता सूचियों का प्रकाशन हो चुका है। उन्होंने कहा कि 1 अक्टूबर, 2022 तक 18 साल के होने वाले युवाओं को भी वोटिंग का मौका दिया जा रहा है। कुल 4.6 लाख वोटर ऐसे हैं, जो पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। राज्य में मतदान के लिए कुल 51,782 केंद्र बनाए जाएंगे।