Uttarakhand Assembly: उत्तराखंड विधानसभा में आज समान नागरिक संहिता बिल पर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान अयोध्या में बने राम मंदिर का भी जिक्र किया गया। इसके बाद में भगवान राम को भी बीच में लाया गया। अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर में राम लला की मूर्ति के रंग पर कांग्रेस पार्टी के विधायक आदेश सिंह चौहान ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि हम राम मंदिर निर्माण का स्वागत करते हैं। लेकिन मैं इस बात को नहीं समझ पाया कि हमने अभी तक केवल बुक में पढ़ा था कि राम का रंग सांवला है। लेकिन उनके रंग को काला ही कर दिया गया।

बीजेपी ने कांग्रेस विधायक आदेश सिंह की टिप्पणी पर नाराजगी जाहिर की। साथ ही, बीजेपी के विधायकों ने जय श्री राम के नारे लगाए। वित्त और संसदीय कार्य मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल ने चौहान को टारगेट करते हुए कहा कि कि वह भगवान राम के बारे में ऐसी टिप्पणी कैसे कर सकते हैं। कांग्रेस विधायक ने बहस जारी रखी और सदन में जय श्रीराम के नारे गूंजते रहे।

कांग्रेस केवल तुष्टिकरण की राजनीति करती है- प्रेमचंद अग्रवाल

सीएम पुष्कर सिंह धामी के बराबर में बैठे प्रेमचंद अग्रवाल ने कांग्रेस पार्टी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आप रामलला पर इस तरह की टिप्पणी कर रहे हैं। आप वोटबैंक के लिए कुछ भी करने से गुरेज नहीं करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि मैं आपसे विनम्र आग्रह करता हूं कि आप ऐसी बातें ना करें। क्या कांग्रेस पार्टी केवल तुष्टिकरण की ही राजनीति कर सकती है।

राम मंदिर का उद्घाटन

बीते माह 22 जनवरी को पीएम नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और आरएसएस प्रमुख की मौजूदगी में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की थी। भगवान राम की 51 इंच की मूर्ति को सुनहरे मुकुट और सोने के गहनों से सजाया गया था और उनके पास एकत सुनहरा धनुष और तीर भी मौजूद था। रामलला की मूर्ति को कर्नाटक के मूर्तिकार अरुण योगीराज ने बनाया है। जिस पत्थर की मूर्ति से इसका निर्माण किया गया है उसे ब्लैक ग्रेनाइट से बनाया गया है। अयोध्या के राम मंदिर में पहली मंजिल पर राम के साथ सीता, लक्ष्मण और हनुमान की मूर्तियां स्थापित की जाएंगी। इनका निर्माण होना अभी बाकी है।