यूपी के कई जिलों में इन दिनों खाद की किल्लत हो रखी है। किसान रबी की बुवाई के लिए खाद के इंतजार में घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। इस दौरान कई किसानों की मौत भी हो चुकी है। शुक्रवार को इन मृतक किसानों के परिवारों से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मुलाकात करने ललितपुर पहुंची।
पीड़ित किसान परिवारों से मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यूपी में सरकार फेल हो चुकी है। भाजपा सरकार किसानों पर दमन और अत्याचार कर रही है। बुंदेलखंड में चार किसानों की जानें सरकार की कुशासन की वजह से चली गई।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को ललितपुर जिले में उन चार किसानों के परिवारों से मुलाकात की, जिनके बारे में दावा किया जा रहा है कि वो खाद के लिए लाइन में लगने के दौरान बीमार पड़ गए, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। इस दौरान कांग्रेस नेता ने यूपी सरकार पर अपने किसानों की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया।
भाजपा सरकार किसानों पर दमन और अत्याचार कर रही है।
बुंदेलखंड में 4 किसानों की जानें सरकार के कुशासन की वजह से गईं। कालाबाजारी, कर्ज, फसलों की बर्बादी, महंगाई जैसी वजहों से किसानों पर भारी बोझ है और सरकार कुछ नहीं कर रही है। pic.twitter.com/YXLtJOQWU9
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) October 29, 2021
प्रियंका ने कहा- ‘अब बोरियों में खाद की मात्रा कम दी जा रही है और दाम बढ़ा दिए गए हैं। उनके पास बहुत सारे मुद्दे हैं, लेकिन सरकार नहीं सुन रही है। वे जानते हैं कि किसान महीनों से सड़कों पर हैं। उन्हें वाहनों से कुचला जा रहा है। दर्द बांटना हमारी परंपरा रही है। गांव, गरीब, मजदूर, किसान का दर्द, कांग्रेस का दर्द है”।
मिली जानकारी के अनुसार मरने वाले किसानों में 53 वर्षीय भोगीलाल पाल भी शामिल थे, जो शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन नयागांव में खाद के लिए एक दुकान के बाहर लाइन में खड़े थे। इस दौरान अचानक से वो गिर गए। जिसके बाद उनकी मौत हो गई। इनके परिवार से मुलाकात के बाद प्रियंका ने कहा- बुंदेलखंड में 4 किसानों की जानें सरकार के कुशासन की वजह से गई हैं। कालाबाजारी, कर्ज, फसलों की बर्बादी, महंगाई जैसी वजहों से किसानों पर भारी बोझ है और सरकार कुछ नहीं कर रही है”।
उन्होंने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने किसानों की पूरी तरह से अनदेखी की है। यह अकेले इन चार किसानों की मौत का मसला नहीं है, यह पूरे बुंदेलखंड का मसला है। खाद की कमी पर प्रशासन ने सफाई देते हुए कहा है कि हाल ही में बारिश के कारण उर्वरकों की मांग बढ़ी है। जिसके कारण खाद की कमी हो गई है। जिलाधिकारी अन्नावी दिनेश कुमार ने राज्य सरकार से पीड़ित किसान परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की सिफारिश की है।