कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शनिवार को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी पहुंचीं। यहां उन्होंने मांग की कि यहां हुए पंचायत चुनाव रद्द कर फिर से चुनाव कराया जाए। इससे पहले प्रियंका ने जिले के पथगावा प्रखंड के सेमरा गांव पहुंचीं, जहां उन्होंने ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान बदसलूकी का शिकार हुई सपा कार्यकर्ता से मुलाकात की। कांग्रेस की तरफ से इस मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है। इसमें प्रियंका को पीड़िता को ढांढस बताते देखा जा सकता है। एक मौके पर प्रियंका कहती हैं- डरो मत, कांग्रेस आपके साथ है, मैं आपके साथ हूं।

गौरतलब है कि 9 जुलाई को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया था कि लखीमपुर खीरी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनकी पार्टी उम्मीदवार रितु सिंह और उनकी प्रस्तावक अनीता यादव के साथ बद्तमीजी की और उनकी साड़ियां खींच लीं। इसी को लेकर बीच प्रियंका ने दोनों से मुलाकात की। इस दौरान उप्र कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद थे। प्रियंका प्रदेश की राजधानी के दो दिवसीय दौरे पर हैं।

यूपी डिप्टी सीएम बोले- राजकुमारी की तरह आती हैं प्रियंका: प्रियंका गांधी के यूपी दौरे पर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने तंज कसा। उन्होंने कहा- “प्रियंका गांधी का दौरा वैसा ही है जैसे कोई पर्यटक आता है। उससे ज्यादा कुछ नहीं है। मिलने की जो कार्यवाही कर रही हैं, उसमें हमें कोई आपत्ति नहीं है। इस घटना के जो दोषी थे, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई है।

मौर्य ने आगे कहा, “प्रियंका गांधी 2022 की जमीन तैयार करने आई हैं, लेकिन कांग्रेस के लिए यहां जमीन बची दिखाई नहीं देती। इसलिए वे कुछ लोक कल्याण के काम करें। वे राष्ट्रीय राजकुमारी की तरह आती हैं और वापस चली जाती हैं। आखिर कोरोना के वक्त वे कहां थीं?”

लखनऊ में प्रियंका के साथ प्रदर्शन के सिलसिले में कांग्रेस नेताओं पर केस: कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा के साथ शुक्रवार को हजरतगंज स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरने पर बैठने को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित तीन नामजद लोगों के खिलाफ शनिवार को हजरतगंज थाने में मामला दर्ज किया गया है।प्राथमिकी में प्रियंका का नाम नहीं है।

बताया गया है कि लखनऊ के पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर ने बताया कि शुक्रवार को जीपीओ पार्क स्थित गांधी प्रतिमा पर कांग्रेस अध्यक्ष लल्लू अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठे थे। प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ धरने पर बैठे उप्र कांग्रेस अध्यक्ष समेत तीन लोगों पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, बिना अनुमति और बिना सूचना दिये धरने पर बैठने के आरोप में मामला दर्ज किया गया हैं।