प्रियंका गांधी को राष्ट्रीय महासचिव बनाने और लोकसभा चुनाव 2019 के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाने के बाद अब विवादित बयानों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पश्चिम बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने एक आपत्तिजनक बयान दिया है। दरअसल विजयवर्गीय ने गुलाम नबी आजाद की ओर से प्रियंका गांधी को कांग्रेस के लिए ‘तुरुप का इक्का’ बताए जाने का जिक्र किया और इसके जवाब में ट्विटर पर लिखा- ‘आपके पास तो जोकर भी है।’

विवादित बयान के बाद तंज भी कसाः विजयवर्गीय ने इसके बाद कांग्रेस पर एक तंज भी कसा। उन्होंने परिवारवाद की पार्टी की लाइन को आगे बढ़ाते हुए कहा, ‘बस अब जीयाजी ही तो बाकी रह गए हैं, उनको कोषाध्यक्ष बना दीजिए।’ गौरतलब है कि कैलाश विजयवर्गीय मध्य प्रदेश से आते हैं और लंबे समय से पश्चिम बंगाल में भाजपा की जड़े मजबूत करने की कोशिश में जुटे हैं। इससे पहले भी वे कई बार विवादित बयान दे चुके हैं।

कैलाश विजयवर्गीय के विवादित ट्वीट

नीतीश के मंत्री ने भी दिया था विवादित बयानः उल्लेखनीय है कि इससे पहले बिहार सरकार के मंत्री विनोद नारायण झा ने विवादित बयान देते हुए कहा था, ‘प्रियंका अभी नौसीखिया हैं। उनको राजनीति की जानकारी नहीं है और सुंदर चेहरे पर वोट नहीं मिलता है।’ गौरतलब है कि प्रियंका को नई जिम्मेदारी दिए जाने के तुरंत बाद केंद्रीय स्मृति ईरानी ने प्रियंका की सियासत में एंट्री को राहुल गांधी की नाकामी पर कांग्रेस की मुहर बताया था। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बिना प्रियंका का नाम लिए ही गांधी परिवार पर हमला बोला था।