करीब डेढ़ साल के लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस ने मुंबई के नए पार्टी चीफ की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने अशोक अर्जुन राव जगताप को कांग्रेस की मुंबई इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस पद की रेस में कांग्रेस की दिग्गज नेत्री वर्षा गायकवाड और पूर्व सांसद मिलिंद देवड़ा का नाम सबसे आगे था, मगर आखिर में जगताप को चुना गया। साल 2022 में मुंबई बीएमसी चुनाव से पहले जगताप की नियुक्ति काफी अहम मानी जा रही है। जगताप पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा के करीबी माने जाते हैं। वह महाराष्ट्र विधानसभा और विधान परिषद के सदस्य भी रहे हैं।

इसके साथ ही चरण सिंह सापरा को मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मंत्री आरिफ नसीम खाम को चुनाव अभियान समिति का प्रमुख बनाया गया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इन पदाधिकारियों की नियुक्ति को स्वीकृति प्रदान की। इसी के साथ कांग्रेस ने अमरजीत सिंह मनहास को मुंबई इकाई की समन्वय समिति का प्रमुख, सुरेश शेट्टी को घोषणापत्र और प्रचार समिति का प्रमुख और चंद्राकात हंदोरे को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से मुंबई इकाई का प्रभारी बनाया गया है। महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष बालासाहेब थोराट की अगुवाई में मुंबई के लिए स्क्रीनिंग एवं रणनीति समिति भी बनाई गई है।

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ शनिवार को हुई बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने राहुल गांधी को फिर से पार्टी की कमान सौंपे जाने की इच्छा जताई, हालांकि कुछ महीने पहले व्यापक संगठनात्मक बदलाव की मांग को लेकर पत्र लिखने वाले नेताओं ने अध्यक्ष पद के लिए चुनाव और पार्टी के भीतर नेताओं की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कांग्रेस सूत्रों का यह भी कहना है कि बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि वह पार्टी की ओर से दी जाने वाली किसी भी जिम्मेदारी को निभाने के लिए तैयार हैं और अध्यक्ष को चुनने का फैसला चुनाव पर छोड़ना चाहिए।

दूसरी तरफ, पत्र लिखने वाले नेताओं के धड़े ने राहुल गांधी की ओर से ऐसी कोई टिप्पणी किए जाने से इनकार किया है। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि बैठक में मौजूद सभी नेताओं ने एकमत से राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाए जाने की इच्छा जाहिर की। इन नेताओं में कई ऐसे वरिष्ठ नेता भी शामिल थे, जिन्होंने सक्रिय नेतृत्व और व्यापक संगठनात्मक बदलाव की मांग को लेकर पहले पत्र लिखा था।