Jagdish Tytler Name In Congress Committee List: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 के लिए कई तरह की समितियां बनाई हैं। इन समितियों के सदस्यों और प्रभारी के नाम भी तय कर दिए गये हैं। प्रदेश चुनाव कमेटी में जगदीश टाइटलर (Jagdish Tytler) को भी सदस्य बनाया गया है। जगदीश टाइटलर 1984 के सिख विरोधी दंगों में आरोपी रहे हैं। और तब से वह राजनीतिक गतिविधियों से बाहर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने 1984 के दंगों के आरोपी जगदीश टाइटलर को दिल्ली नगरपालिका चुनावों के लिए अपनी समिति में शामिल करने पर कांग्रेस की आलोचना की है।

बीजेपी के दिल्ली प्रवक्ता आरपी सिंह ने ट्वीट किया, “@INCIndia जगदीश टाइटलर को अपनी दिल्ली राज्य चुनाव समिति में शामिल करके 1984 के नरसंहार के सिखों के घावों पर नमक छिड़का। इससे पता चलता है कि 1984 में राजीव गांधी और उनकी टीम ने जो किया उससे उन्हें कोई पछतावा नहीं है।”

प्रदेश चुनाव समिति के अलावा कैंपेन समिति, समन्वय समिति, चुनाव घोषणा पत्र समिति, मीडिया समिति, पब्लिसिटी समिति तथा डिजिटल और सोशल मीडिया समिति का गठन किया गया है। एमसीडी चुनाव 2022 के लिए प्रदेश चुनाव समिति में दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी और एआईसीसी महासचिव अनिल माकन सहित 40 सदस्य हैं।

दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों के लिए 4 दिसंबर को होंगे मतदान

दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए मतदान 4 दिसंबर को होंगे और नतीजे 7 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। इसके लिए राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अभी तक दिल्ली नगर निगम तीन हिस्सों उत्तरी दिल्ली नगर निगम (NDMC), पूर्वी दिल्ली नगर निगम (EDMC) और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (SDMC) में बंटा था। इस साल इनको मिलाकर एक कर दिया गया। दिल्ली नगर निगम (MCD) में कुल 250 वार्ड हैं। अब तक दिल्ली नगर निगम में भाजपा का राज था। इस बार आम आदमी पार्टी भाजपा को चुनौती देते हुए उसको सत्ता से बाहर करने के लिए जोरशोर से लगी हुई है।

आम आदमी पार्टी के अलावा कांग्रेस पार्टी भी इस चुनाव में हिस्सा ले रही है। पार्टी ने एमसीडी चुनाव में अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए कई तरह की कमेटियों और समन्वय समितियों का गठन किया है। इनके प्रभारी और सदस्यों के नाम भी घोषित कर दिये गये हैं।

राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने घोषित किए प्रभारियों के नाम

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार को दिल्ली में इन समितियों के प्रभारियों के नामों की घोषणा की। इसमें कैंपेन कमेटी के प्रभारी सुभाष चोपड़ा को बनाया गया है। समन्वय समिति के लिए देवेंदर यादव, घोषणा पत्र के लिए हारून यूसुफ, मीडिया कमेटी के लिए अनिल भारद्वाज, पब्लिसिटी कमेटी के लिए हरिशंकर गुप्ता तथा डिजिटल और सोशल मीडिया कमेटी के लिए जिम्मेदारी दुर्गेश कुमार को दी गई है।