असम और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के चलते देश में इन दिनों सियासत गरमाई हुई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) पूरी ताकत से यहां अपना चुनाव प्रचार कर रही है। बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने असम के होजाई में एक रैली की और जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होने कहा कि भारत राम के बिना नहीं चलेगा।
रैली से पहले योगी आदित्यनाथ ने गुवाहाटी में प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर की पूजा की और वहां के दर्शन किए। योगी की रैल में जय श्री राम के नारे लगे। जिसके बाद योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राम के बिना भारत का काम चल ही नहीं सकता है। हम लोग कहा करते थे कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। असम का नौजवान भी यही गाता था। उन्होंने कहा इस सपने को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने साकार किया है।
इसके अलावा योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब तीन तलाक कहने वाले लोग जेल जाएंगे। असम में समृद्धि देने वाली सरकार ही होनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाई गई, अब असम का व्यक्ति भी वहां जाकर रह सकता है।
घुसपैठियों पर बोलते हुए यूपी के सीएम ने कहा “अगर दुश्मन देश भारत में घुसपैठ करने का काम करेगा तो उसको दंड देने का काम भी प्रधानमंत्री मोदी ने किया है।” मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शंकरदेव ने हमें घुसपैठ की समस्या के प्रति सचेत किया था और इसलिए कांग्रेस शंकरदेव को कभी बर्दाश्त नहीं कर पाई। कांग्रेस की नीति समृद्धि नहीं, तुष्टिकरण और येन-केन-प्रकारेण सत्ता प्राप्त करने की थी। इसकी कीमत लंबे समय तक असम वासियों को उग्रवाद के रूप में चुकानी पड़ी।
कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगते हुए योगी ने कहा कि पहले की सरकारों ने उत्तर-पूर्व के राज्यों की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि उत्तर-पूर्व के राज्यों के विकास में अब पंख लग गए हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कामाख्या मंदिर में जयश्री राम के नारे सुनकर आनंद मिला।
वहीं झारग्राम की एक रैली में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एलान किया है कि बंगाल में लोगों को कोरोना की वैक्सीन मुफ्त लगवाई जाएगी। ममता ने यह एलान करते हुए प्रधान मंत्री मोदी को झूठा कहा। ममता बनर्जी ने कहा, ‘नरेंद्र मोदी ने चुनाव के दौरान सत्ता में आने पर बिहार के लोगों का मुफ्त कोरोना टीकाकरण करने का वादा किया था। लेकिन क्या उन्होंने टीके उपलब्ध कराए हैं? नहीं, उन्होंने नहीं किया, उन्होंने जनता से झूठ बोला।’