उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित हिन्दू गौरव दिवस कार्यक्रम कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ कहा कि ‘बाबूजी’ (कल्याण सिंह) का पूरा जीवन भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीयता और जनता की सेवा को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह की विरासत ही आज राज्य के विकास की आधारशिला बनी है।

योगी ने कल्याण सिंह को दी श्रद्धांजलि

योगी आदित्यनाथ ने कहा, “बाबूजी का जन्म अलीगढ़ जिले के एक छोटे से किसान परिवार में हुआ था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से उन्हें बचपन में ही राष्ट्रीयता के संस्कार मिले। शिक्षक के रूप में और फिर भाजपा कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने अपना जीवन भारत माता और भारतीयता के लिए समर्पित कर दिया। आज उनकी पुण्यतिथि पर प्रदेश की जनता की ओर से, हर रामभक्त की ओर से और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”

सीएम योगी ने कहा कि भारतीय राजनीति में बाबूजी को जो भी जिम्मेदारी मिली, उन्होंने अपने आदर्शों की अमिट छाप छोड़ी। सीएम योगी ने कहा, “सन 1990 में जब उत्तर प्रदेश की स्थिति बिगड़ी हुई थी, तब उन्होंने कानून का राज स्थापित कर सुशासन का लक्ष्य सामने रखा। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने विरासत और विकास की यात्रा को साथ-साथ आगे बढ़ाने का काम किया। कांग्रेस ने 1992 में अलोकतांत्रिक तरीके से उनकी सरकार को बर्खास्त किया था। उस कठिन समय में उन्होंने बिना देर किए राम जन्मभूमि आंदोलन के लिए अपने पद का बलिदान दिया।”

सीएम योगी के ‘जनता दरबार’ में जहर खाकर पहुंचा बुजुर्ग, अस्पताल में भर्ती

सीएम योगी ने कहा, “जब विवादित ढांचा गिरा, तब कल्याण सिंह जी ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली। उन्होंने कहा कि किसी रामभक्त को आंच नहीं आनी चाहिए। उन्होंने साहस दिखाकर श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। आज उत्तर प्रदेश में जो विकास, सुशासन और सुरक्षा का वातावरण बना है, उसकी आधारशिला बाबूजी ने 1990 और 1996 के कार्यकाल में रखी थी।”

सीएम योगी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज ‘डबल इंजन’ की सरकार उन्हीं आदर्शों को अंगीकार करते हुए प्रदेश को नई बुलंदियों की ओर ले जा रही है, यही बाबूजी को सच्ची श्रद्धांजलि है। योगी के अनुसार उत्तर प्रदेश के कई संस्थानों का नाम बाबूजी की स्मृति में रखा गया है। बुलंदशहर मेडिकल कॉलेज, लखनऊ का सुपर स्पेशलिटी कैंसर हॉस्पिटल और राजधानी में स्थापित उनकी भव्य प्रतिमा इसके उदाहरण हैं।

पीडीए पर योगी ने साधा निशाना

सीएम योगी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा, “जो लोग आज पीडीए (परिवार विकास अथॉरिटी) के नाम पर समाज को बांटने का काम कर रहे हैं, वही लोग कभी दंगे भड़काते थे और हिंदू त्योहारों पर रोक लगाते थे। वे लोग कांवड़ यात्रा पर रोक लगाते थे, दुर्गा पूजा और दशहरा उत्सव में बाधा डालते थे। जब दंगे होते थे, अलीगढ़, बरेली, मुजफ्फरनगर और मेरठ में हिंसा भड़कती थी, तब ये लोग पीड़ित हिंदुओं, दलितों और पिछड़ों के पक्ष में नहीं बोलते थे, तब केवल भाजपा उनके साथ खड़ी थी। निष्पक्ष फैसला देने वाले न्यायाधीशों को धमकियां दी जाती हैं, निर्वाचन आयोग पर आक्षेप लगाए जाते हैं। ये वही लोग हैं जो बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को मतदाता बनाने की साजिश रचते हैं, ताकि भारत के नागरिकों को उनके अधिकारों से वंचित किया जाए।”

सीएम योगी ने आगे कहा, “आज अलीगढ़ से लेकर कासगंज और एटा तक हजारों युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत पुलिस बल में जगह मिली है, पहले भ्रष्टाचार और अराजकता की वजह से यह संभव नहीं था। बाबूजी की स्मृतियां अलीगढ़ की ‘ताला नगरी’ को भी प्रेरित करती हैं। यहां के स्थानीय उद्योग और उद्यमिता आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने का आधार बन रहे हैं।”