Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी राष्ट्रीय राजधानी के सिविल लाइंस में मौजूद फ्लैट स्टाफ रोड पर सीएम आवास में शिफ्ट हो रही हैं। इससे पहले इसमें दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रहते थे। आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास खाली कर दिया और लुटियंस जोन में मंडी हाउस के पास फिरोजशाह रोड पर 5 नंबर पर आप सांसद अशोक मित्तल के बंगले में चले गए।

मुख्यमंत्री आतिशी अगले विधानसभा चुनाव तक इसी बंगले में रहेंगी। अभी तक आतिशी मथुरा रोड के एबी -17 नंबर बंगले में रह रही थी। यहां वह मार्च 2023 में मंत्री बनने के बाद से रह रही हैं। यह बंगला पहले मंत्री रहने के समय मनीष सिसोदिया के नाम से आवंटित था। सिसोदिया भी सपरिवार मथुरा रोड का आवास खाली करके पंजाब के राज्यसभा सांसद और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह को अलॉटेड राजेंद्र प्रसाद रोड के बंगले में शिफ्ट हो गए हैं, ऐसे में मथुरा रोड का आवास भी अब खाली हो चुका है।

मुख्यमंत्री अपने हिसाब से चुनते हैं आवास

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में मुख्यमंत्री के लिए कोई भी आधिकारिक तौर पर सीएम आवास नहीं है। आप मुखिया के पहले जितने भी मुख्यमंत्री हुए हैं वह अलग-अलग बंगलों में रह चुके हैं। 1993 में मदनलाल खुराना को 33 शामनाथ मार्ग, उनके बाद साहिब सिंह वर्मा को 9 शामनाथ मार्ग और शीला दीक्षित को पहले एबी-17 मथुरा रोड और दूसरे कार्यकाल में 3 मोतीलाल नेहरू मार्ग वाला बंगला आवंटित किया गया था। दिल्ली के सीएम अपने हिसाब से बंगले का चुनाव करते हैं। मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद में वह अपने निजी घर में रहते हैं। उनको अलग से किसी भी तरह का भत्ता नहीं दिया जाता है।

‘एलजी साहब का ही फोन आया होगा…’, दिल्ली की CM आतिशी को सोनम वांगचुक से मिलने से रोका

दिल्ली सचिवालय में सीएम की कुर्सी खाली नजर आई

इससे पहले आम आदमी पार्टी की विधायक और सीएम आतिशी ने दिल्ली सचिवालय में सीएम पद का कार्यभार संभालते वक्त उनके पास में एक खाली कुर्सी दिखाई दी थी। इस कुर्सी को लेकर आतिशी ने कहा था कि जब तक आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल फिर से मुख्यमंत्री नहीं बन जाते और दिल्ली की जनता उन्हें फिर से सीएम नहीं चुन लेती तब तक यह कुर्सी खाली ही रहेगी।