छत्तीसगढ़ के कोयला कारोबारी सूर्यकांत ने इनकम टैक्स की रेड के बाद कहा है कि सूबे में सत्ता परिवर्तन की साजिश रची जा रही है। इसके लिए रेड का इस्तेमाल किया गया। सूर्यकांत ने कहा है कि उनके ठिकानों पर 30 जून को आयकर की रेड पड़ी। कुछ अफसरों ने दबाव बनाया कि वो प्रदेश के 40-45 विधायकों की सूची बनाएं। विपक्ष के विधायकों के सहयोग से प्रदेश की सरकार बदल दी जाएगी। उनको सीएम बना दिया जाएगा। उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ का एकनाथ शिंदे बनाने के लिए इनकम टैक्स के अफसरों ने सारे पैंतरे इस्तेमाल किए थे।
सूर्यकांत ने कहा कि डॉ रमन सिंह इसे राजनीतिक रंग दे रहे हैं। अफसरों ने तीन दिनों तक उनको सोने नहीं दिया। मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया गया। आयकर अफसरों ने दबाव बनाया कि वो अपने कारोबार में मुख्यमंत्री सचिवालय की उप सचिव सौम्या चौरसिया का नाम जोड़ दें। सौम्या चौरसिया से उनके पारिवारिक संबंध हैं। उनके घर के सभी लोग उनको जानते हैं।
अफसरों ने कहा कि वो अपने कारोबार में सौम्या चौरसिया का नाम जोड़ दें तो वो उनको छत्तीसगढ़ का एकनाथ शिंदे बना देंगे। सूर्यकांत ने कहा कि वो एक कारोबारी हैं। अफसरों ने उनको पीटा। उनका कहना था कि वो मेहनत करते हैं। जीवन में तरक्की करना कोई अपराध तो नहीं।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने 30 जून को कोयला परिवहन और इससे संबंधित व्यवसाय वाले समूह पर दबिश दी थी। इसमें आयकर विभाग ने 9.5 करोड़ रुपये की नकदी और 4.5 करोड़ की मूल्य के आभूषण जब्त किए थे। इसके अलावा करोड़ों के टैक्स की चोरी का भी पता लगाया गया है। इसमें एक वरिष्ठ अधिकारी और सूर्यकांत तिवारी का नाम सामने आया है।
उसके बाद से छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग की दबिश से राजनीति गरमा गई है और इस बीच सूर्यकांत तिवारी का नाम सुर्खियों में आ गया है। अब बीजेपी और कांग्रेस के नेता सूर्यकांत तिवारी के रिश्ते अपने-अपने विरोधी पार्टी के साथ ढूंढने में लग गए हैं। सोशल मीडिया पर बीजेपी और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ सूर्यकांत तिवारी की तस्वीर पोस्ट की जा रही है।
कांग्रेस नेता सुशील आनंद शुक्ला का कहना है कि सूर्यकांत के आरोप से साफ है कि बीजेपी किस कदर सरकार गिराने को छटपटा रही है। हालांकि बीजेपी प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव का कहना है कि भूपेश बघेल के कहने पर ये सारा खेल रचा गया है।