छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर चुनावों में भगवान राम के नाम पर वोट मांगने को लेकर हमला किया है। समाचार एजेंसी एएनआई की खबर के मुताबिक बघेल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 80 के दशक से पहले भारतीय जन संध (भाजपा भारतीय जन संध से ही निकली है) के एजेंडा में कभी भी भगवान राम शामिल नहीं रहे हैं। भाजपा भगवान राम के नाम पर वोट मांगती है लेकिन हमारा उद्देश्य यह नहीं है हम सिर्फ संस्कृति को आगे बढ़ाना चाहते हैं।

छत्तीसगढ़ सरकार बना रही राम वन गमन पर्यटन सर्किट: छत्तीसगढ़ में भगवान राम से जुड़ी यादों को संरक्षित करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने भगवान राम गमन पर्यटन सर्किट बनाने का ऐलान किया था, जिसके पहले चरण का लोकार्पण आज (10 अप्रैल) को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी भगवान राम से जुड़े स्थलों की बात आती है तो छत्तीसगढ़ में भगवान राम से जुड़ी काफी सारी जगहें हैं और छत्तीसगढ़ सरकार इन्हें संरक्षित कर पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करना चाहती है।

छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से राम वन गमन पर्यटन सर्किट को 138 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया जाएगा, जिसमें भगवान राम से जुड़ी कुल 75 जगहों का विकास किया जा रहा है। इसके पहले चरण में 9 जगहों को शामिल किया गया है जिसमें से चंदखुरी और शिवरीनारायण का कार्य भी पूरा हो चुका है।

उपचुनाव में भी भाजपा पर बोला हमला: इससे ठीक एक दिन पहले छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ विधानसभा में उपचुनाव का प्रचार करते हुए भूपेश बघेल ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा था कहा कि भगवा रंग त्याग का सर्वोच्च परिचायक है। हमारे साधु-संतों का रंग भी भगवा है। भाजपा वाले कौन-सा त्याग किये हैं। एक भी भाजपा वाला बता दें, ये लोग सिर्फ पाने के लिए भगवा धारण किये हुए हैं।”

सीएम शिवराज ने गया भजन:आज रामनवमी के मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल स्थित अपने आवास पर बड़ी पूजा का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने श्री राम का भजन गया। पूजा में उनके साथ परिवारजन भी मौजूद थे।