छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान ने अपने सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली है। बीजापुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने यहां बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 170 वीं बटालियन के जवान दीपक कुमार ने बीजापुर शहर में स्थित बटालियन मुख्यालय में बुधवार रात अपने सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली।
गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे जवानः पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब बटालियन के अन्य जवानों ने गोली चलने की आवाज सुनी तब वे घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में बटालियन के अधिकारियों और जवानों ने दीपक को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
National Hindi News, 28 June 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
पुलिस ने किया मामला दर्जः अधिकारियों ने बताया कि दीपक झारखंड के साहिबगंज जिले का निवासी था। उसके आत्महत्या के कारणों के बारे में सही जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है। इससे पहले दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक में तैनात एक हेड कांस्टेबल ने खुद को गोली मारने का मामला सामने आया। जानकारी के मुताबिक गोली लगने कॉन्स्टेबल की मौके पर ही मौत हो गई थी। अभी तक कॉन्स्टेबल की खुदकुशी की वजह सामने नहीं आई है। इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान कॉन्स्टेबुलरी के हेड कांस्टेबल जय नारायण नॉर्थ ब्लॉक में तैनात थे। मंगलवार दोपहर को उन्होंने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद पुलिस द्वारा लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।