छत्तीसगढ़ में भाजपा को हराकर कांग्रेस सत्ता पर काबिज हो गई है। मुख्यमंत्री के तौर पर भूपेश बघेल शपथ ले चुके है। इस दौरान बतौर कैबिनेट मंत्री टीएस सिंहदेव और ताम्रध्वज साहू का शपथ ग्रहण भी हो गया। लेकिन इसके बाद मंत्री मंडल के चयन की कवायद भी शुरू हो गयी। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश अपनी कैबिनेट को फाइनल करने के लिए गुरुवार को दिल्ली जा रहे हैं। प्रदेश में मंत्री मंडल में शामिल होने के लिए कई दिग्गज कतार में हैं।

बता दें कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 15 सालों से सत्ता पर काबिज भाजपा को हराकर अपनी सरकार बनायी है। काफी जद्दोजहद के प्रदेश के मुखिया के रूप में भूपेश बघेल का नाम फ़ाइनल हुआ था। सरकार गठन के बाद अब मंत्री मंडल के विस्तार में बचे 10 मंत्रियों के चयन ने कांग्रेस की मशक्कत बढ़ा दी है। इसके पहले टीएस सिंहदेव और ताम्रध्वज साहू बतौर कैबिनेट मंत्री शपथ ले चुके है। मंत्री बनने की दौड़ में वो नेता भी है जो 5 से ज्यादा बार के विधायक हैं। बताया जा रहा है कि 24 दिसंबर के पहले मंत्रियों के नाम तय होंगे।

राज्य में मंत्री पद की दौड़ में चरणदास महंत, कवासी लखमा, सत्यनारायण शर्मा, रामपुकार सिंह, मोहम्मद अकबर, लखेश्वर बघेल, रविंद्र चौबे, अमितेश शुक्ल, धनेन्द्र साहू, शिव डहरिया, अनिला भेड़िया, उमेश पटेल, अरुण वोरा, प्रेमसाय टेकाम, मनोज मंडावी आदि विधायक सबसे आगे बताये जा रहे है।

हालांकि कांग्रेस पार्टी ने अभी मध्यप्रदेश और राजस्थान में मुख्यमंत्री बनाने के बाद भी मंत्री मंडल का चयन नहीं किया है। जिसके लिए भी पार्टी में मंथन जारी है। छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्रियो के चयन के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज (गुरुवार) दिल्ली आ रहे हैं। यहां 10 मंत्रियों का और चयन होना है।