Who Is Manu Pandey: कानपुर पुलिस 8 पुलिसकर्मियों की हत्या मामले में वांछित 33 वर्षीय महिला की तलाश में छापेमारी कर रही है। यह घटना 3 जुलाई, 2020 की रात की है, जब बिकरू गांव में गैंगस्टर विकास दुबे को गिरफ्तार करने गए पुलिसकर्मियों पर हमला कर उनकी हत्या कर दी गई थी। मृतकों में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) देवेंद्र मिश्रा भी शामिल हैं।
कानपुर पुलिस अगले सप्ताह दो नाबालिग बच्चों की मां मनु पांडे के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल कर सकती है। एक अधिकारी ने बताया कि वह बिकरू हत्याकांड मामले में अब भी वांछित एकमात्र आरोपी है। जब मनु पांडे उर्फ वर्षा का पता नहीं चला तो पुलिस ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और कोर्ट निर्देश पर उसकी संपत्ति कुर्क कर ली।
सूत्रों ने बताया कि मनु पांडे की कथित भूमिका तब सामने आई जब कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग ऑनलाइन सामने आईं, जिसमें वह कथित तौर पर आरोपियों को पुलिस टीम का स्थान बताते हुए सुनी गई। उसे कथित तौर पर विकास दुबे से उसके साथियों को निर्देश देते हुए भी सुना गया था । मनु पांडे का घर बिकरू गांव में विकास दुबे के घर के सामने स्थित है।
मनु के ससुर प्रेम प्रकाश पांडेय, जो इसी मामले में आरोपी थे। उनको उसी रात पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था। प्रेम प्रकाश, विकास दुबे के मामा थे। मनु का पति शशिकांत भी इस मामले में आरोपी है और जेल में बंद है। कानपुर के पुलिस उपायुक्त विजय ढुल ने कहा कि वे मनु पांडे का पता लगाने के लिए काम कर रहे हैं।
मामला 3 जुलाई 2020 का है, जब बिकरू गांव में विकास दुबे के घर के पास पुलिस टीम पर हमला किया गया था। पुलिस हत्या के प्रयास के एक मामले में विकास दुबे को गिरफ्तार करने गई थी। जब टीम दुबे के घर के पास पहुंची तो हमलावरों ने छतों से उन पर गोलियां चला दीं, जिसमें आठ पुलिसकर्मी मारे गए। एफआईआर में नामजद 21 लोगों में से पुलिस ने विकास दुबे समेत छह आरोपियों को अगले हफ्तों में कथित मुठभेड़ों में मार गिराया।