भाजपा की हरप्रीत कौर बाबला गुरुवार को चंडीगढ़ नगर निगम की नई मेयर चुनी गईं। उन्होंने आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार प्रेम लता को महज दो वोटों के अंतर से हराया। बाबला को 19 और लता को 17 मत मिले। पीठासीन अधिकारी रमणीक सिंह बेदी ने चुनाव परिणाम की घोषणा की।

कांग्रेस की तरुणा मेहता ने डिप्टी मेयर पद पर जीत दर्ज की। वहीं, कांग्रेस के जसबीर बंटी 19 वोट हासिल कर सीनियर डिप्टी मेयर चुने गए। महापौर पद के लिए मुकाबला भाजपा और आम आदमी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन के बीच था। बाबला की जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्हें विपक्ष के आप और कांग्रेस के मजबूत गठबंधन के बीच जीत हासिल हुई है।

हरप्रीत कौर बाबला ने देहरादून के कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी स्कूल से पढ़ाई की और इतिहास विषय में बीए ऑनर्स और अंग्रेजी में एमए की डिग्री हासिल की है। हरप्रीत सैन्य परिवार से हैं। उनके पिता भारतीय सेना में कर्नल के पद पर रहे हैं।

हरप्रीत कौर बाबला के पति देवेंद्र सिंह बाबला को शहर के दबंग नेताओं के रूप में जाना जाता है

वहीं, हरप्रीत कौर बाबला के पति देवेंद्र सिंह बाबला को शहर के दबंग नेताओं के रूप में जाना जाता है। देवेंद्र बीजेपी की चंडीगढ़ यूनिट के उपाध्यक्ष हैं। देवेंद्र सिंह और हरप्रीत दोनों कभी कांग्रेस में हुआ करते थे। 2022 में देवेंद्र बाबला और उनकी पत्नी हरप्रीत कौर बीजेपी में शामिल हो गए थे।

हरप्रीत कौर ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस के साथ की थी और 2001 में पहली बार नगर निकाय चुनाव जीता था। 2021 में वह वार्ड नंबर-10 से कांग्रेस के टिकट पर नगर निगम का चुनाव जीती थीं।

AAP को बड़ा झटका! बीजेपी ने जीत लिया चंडीगढ़ मेयर चुनाव

चंडीगढ़ नगर निगम में AAP के 13 पार्षद

35 सदस्यीय चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी के 13 और उसकी सहयोगी कांग्रेस के 6 पार्षद हैं जबकि भाजपा के 16 पार्षद हैं। इसके अलावा, चंडीगढ़ के सांसद को भी पदेन सदस्य के रूप में मतदान का अधिकार प्राप्त होता है। कोई भी मत अमान्य नहीं पाया गया।

सुप्रीम कोर्ट ने नगर निगम चुनाव के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश जयश्री ठाकुर को स्वतंत्र पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। महापौर के चुनाव के बाद अब वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर पद के लिए मतदान होगा। भाजपा ने वरिष्ठ उपमहापौर पद के लिए विमला दुबे और उपमहापौर पद के लिए लखबीर सिंह बिल्लू को उम्मीदवार बनाया है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन में चुनाव लड़ रहे हैं। महापौर पद आम आदमी पार्टी ने लड़ा था। अब कांग्रेस ने वरिष्ठ उपमहापौर पद के लिए जसबीर सिंह बंटी और उपमहापौर पद के लिए तरुणा मेहता को उम्मीदवार बनाया है। पढ़ें- देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स