उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली कस्बे में रविवार को तड़के भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के मलबे में सड़क पर खड़े आधा दर्जन से अधिक वाहन दब गए। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। अन्य घटना में कर्णप्रयाग के पास भी भूस्खलन होने से एक बस्ती के 10-15 घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा।

चमोली के जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मलबे के कारण कुछ वाहन सड़क से फिसल कर पिंडर नदी में भी जा गिरे। थराली में शुक्रवार सुबह बूंगा गांव के ऊपर से अचानक बरसाती नाले के साथ आए मलबे ने बाढ़ का रूप धारण कर लिया और बाजार के समीप सड़क पर खडेÞ वाहनों और रामलीला मैदान को मलबे के ढेर में बदल दिया। इस बाढ़ से वाहनों के अलावा एक दुकान भी क्षतिग्रस्त हुई है। थराली में प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

थराली- देवाल सड़क मलबे के कारण बंद है जिसे खोलने के लिए लोकनिमार्ण विभाग की मशीनें लगाई गई हैं। हादसे में किसी तरह की जन व पशु हानि नहीं हुई है। जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार, एक अन्य घटना में कर्णप्रयाग नगर के समीप भी एक बस्ती वर्षा के कारण भूस्खलन के मलबे की चपेट में आ गई। इसके कारण 10 से 15 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। कर्णप्रयाग तथा मैठाणा में बदरीनाथ नेशनल हाई-वे भी मलबे के कारण बंद हो गया है जबकि पोखरी-कर्णप्रयाग मार्ग भी कई जगहों पर मलबा आने से बंद है जिन्हें खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

* चमोली में मलबे के कारण कुछ वाहन सड़क से फिसल कर पिंडर नदी में भी जा गिरे, थराली- देवाल सड़क मलबे के कारण बंद है।

* कर्णप्रयाग में 10-15 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त, कर्णप्रयाग तथा मैठाणा में बदरीनाथ नेशनल हाई-वे भी मलबे के कारण बंद हो गया है।