महाराष्ट्र के पुणे में बर्गर के अंदर कांच के टुकड़ने निकलने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह बर्गर प्रसिद्ध फूड चेन बर्गर किंग से खरीदा गया था। इसे खाने के बाद 31 साल के एक शख्स को सीधे अस्पताल में भर्ती होना पड़ गया। घटना रविवार (19 मई) की है। इस संबंध में पुलिस ने रेस्टोरेंट के स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
‘बर्गर खाते ही गले में हुई चुभन’: पीड़ित अजमुद्दीन पठान ने रविवार को पुणे के फर्ग्युसन कॉलेज रोड से एक बर्गर खरीदा था। उन्होंने कहा, ‘हमने तीन नॉन-वेजिटेरियन और एक वेजिटेरियन बर्गर खरीदा था। मैंने काउंटर से सारा सामान उठाया। नॉन वेजिटेरियन बर्गर खाने के बाद मेरे गले में तेज चुभन महसूस हुई। इसके बाद जब मैंने बर्गर को ठीक से देखा तो उसमें कांच के छोटे-छोटे टुकड़े थे।’
National Hindi News, 21 May 2019 LIVE Updates: दिनभर की बड़ी खबरों के लिए क्लिक करें
हिरासत में बर्गर किंग स्टाफ मेंबरः इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक बर्गर किंग के स्टाफ के खिलाफ दूसरों को खतरे में डालने का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस संबंध में एक को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल इस संबंध में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में कंपनी ने भी ग्राहक के ऊपर आरोप लगाया है।
कंपनी बोली- ग्राहक ने खुद मिलायाः अन्य मीडिया रिपोर्ट्स में दावा है, ‘चुभने पर जैसे ही उन्होंने बर्गर थूका, साथ में खून भी निकलने लगा। इसके बाद साजिद और उनके दोस्तों ने बर्गर किंग और उसके कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।’ पुलिस का कहना है कि शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी का कहना है कि यह आउटलेट को बदनाम करने और पैसे ऐंठने की कोशिश है। शिकायत करने वालों ने जानबूझकर कांच मिलाया है।