बुलंदशहर थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे (NH- 34) पर कासगंज से राजस्थान जा रहे भक्तों से भरे ट्रैक्टर को एक कंटेनर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई और 45 घायल हो गए। बुलंदशहर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि घायलों को खुर्जा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएम योगी ने भी हादसे पर दुख जताया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बुलंदशहर में हुए सड़क हादसे में मारे गए आठ लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। एक प्रेस रिलीज के अनुसार, मुख्यमंत्री ने हादसे का संज्ञान लिया और जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाने और उनका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।
कंटेनर ट्रक और ट्रैक्टर की टक्कर पर मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा, “सुबह सूचना मिली थी कि एक कंटेनर ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी है। यह ट्रैक्टर ट्रॉली कासगंज की तरफ से आ रही थी जिसमें करीब 61 लोग सवार थे। घायलों को अस्पताल भेजा गया। 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। करीब 3 लोगों की हालत गंभीर बताई गई है वहीं, कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और ड्राइवर अभी फरार है।”
पढ़ें- आगरा: उफान पर यमुना नदी, ताजमहल तक पहुंचा पानी
UP Road Accident: हादसे में 8 लोगों की मौत
वहीं, एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि यह दुर्घटना बुलंदशहर-अलीगढ़ सीमा पर अरनिया बाईपास के पास भोर में दो बजे के बाद हुई। एक कैंटर ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी जिससे वह पलट गई। एएसपी सिंह ने बताया, ‘‘ट्रैक्टर-ट्रॉली में 61 लोग सवार थे जो कासगंज जिले के रफातपुर गांव से राजस्थान के जाहरपीर में तीर्थयात्रा के लिए जा रहे थे।’’ उन्होंने बताया कि पीड़ितों को एक निजी अस्पताल सहित कई अस्पतालों में ले जाया गया। एसएसपी ने कहा, ‘‘इस घटना में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि 45 का उपचार हो रहा है। तीन घायलों को वेंटिलेटर पर रखा गया है।’’ पुलिस ने बताया कि 10 यात्री मामूली रूप से घायल हुए हैं। पीड़ितों में 10 को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज, 10 बुलंदशहर जिला अस्पताल और 23 को खुर्जा के कैलाश अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, घायलों में 12 की उम्र 18 वर्ष से कम है। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। जिलाधिकारी श्रुति ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बूंदाबांदी के बीच घटनास्थल का दौरा किया और बाद में अस्पताल में घायल मरीजों की कुशल क्षेम पूछी। पुलिस ने बताया कि हरियाणा में पंजीकृत ट्रक को जब्त कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पढ़ें- सीएम योगी के ‘जनता दरबार’ में जहर खाकर पहुंचा बुजुर्ग
(भाषा के इनपुट के साथ)