उत्तर प्रदेश पुलिस ने पूर्व बसपा विधायक हाजी अलीम की हत्या के मामले में उनके ही बेटे अनस अलीम को गिरफ्तार किया है। अनस अपनी सौतेली मां की हत्या के मामले में जमानत पर बाहर था, जब उसने अपने पिता की हत्या की। यूपी पुलिस की क्राइम ब्रांच के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट टीम ने आरोपी अनस को मेरठ से गिरफ्तार किया है और उसे गुरुवार को बुलंदशहर कोर्ट में पेश किया गया।
हाजी अलीम को 10 अक्टूबर, 2018 को उनके ही आवास पर गोली मारी गई थी। इस मामले में पूर्व विधायक के भाई एवं सदर ब्लॉक प्रमुख हाजी यूनुस की तरफ से अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
फोरेंसिक रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि हुई थी। पहले पुलिस को लगा कि पूर्व विधायक ने आत्महत्या की है। हालांकि पूर्व विधायक के दूसरे बेटे दानिश ने इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर मामले की जांच की मांग की।
इसके बाद यह मामला क्राइम ब्रांच की सीआईडी टीम को सौंप दिया गया। जांच के बाद पुलिस ने मृतक नेता के ड्राइवर को हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया।
क्राइम ब्रांच सीआईडी मेरठ की एडिश्नल सुपरीटेंडेंट मोहिनी पाठक ने बताया कि “मामले की आधिकारिक जांच में इस बात के पर्याप्त सबूत मिले कि अनस अपने पिता की हत्या में शामिल था। मामले की जांच करीब एक साल चली। आरोपी को मेरठ के कंकरखेड़ा इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया है। अभी अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।”
बता दें कि साल 2013 में अनस और दानिश को अपनी सौतेली मां की दिल्ली के न्यू जाफराबाद इलाके में हत्या करने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। दोनों ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी सौतेली मां की हत्या की थी। कुछ साल बाद दोनों को जमानत मिल गई। इसी दौरान अनस ने अपने पिता की भी हत्या कर दी। दानिश अभी भी सौतेली मां की हत्या के मामले में जमानत पर बाहर है।