विजय संकल्प 2019 के लिए भारतीय जनता पार्टी रविवार को रामलीला मैदान में जुटेगी। पार्टी दिल्ली के युवाओं को एकजुट करेगी और उन्हें लोकसभा चुनाव में उसे विजयी बनाने का संकल्प दिलाएगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने यह जानकारी दी। इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष अमित शाह युवाओं को संबोधित करने वाले थे, लेकिन बीमारी की वजह से अब वे इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। उनकी जगह अब भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान युवाओं को लोकसभा चुनाव की रणनीति बताएंगे।
शिवराज सिंह चौहान के अलावा डॉ अनिल जैन, तरुण चुग, अनुराग ठाकुर व पूनम महाजन समेत पार्टी के अन्य नेता रविवार के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके लिए पार्टी ने सभी सांसदों व दिल्ली के चुनिंदा नेताओं को भी न्योता दिया है। शनिवार को संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ रामलीला मैदान में हो रही तैयारियों की समीक्षा की। इस मुहिम से भाजपा उन सीटों को वापस पाने की कोशिश कर रही है, जहां पिछले चुनाव में उसका मतदान फीसद गिरा है। इन क्षेत्रों में झुग्गी बस्तियां, पुनर्वास कॉलोनियां व ग्रामीण इलाके शामिल हैं।
प्रदूषण के कारण नहीं फूंकेंगे पुतले
विजय संकल्प के मौके पर पार्टी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल का पुतला फूंकने की तैयारी भी की थी। इन पुतलों को झूठ के पुतले का नाम दिया गया था, लेकिन आखिरी वक्त में पार्टी ने अपना विचार बदल दिया। इस मामले में युवा मोर्चा के अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण का स्तर काफी गंभीर है। इस वजह से पार्टी ने पुतले नहीं फूंकने का फैसला किया है।
दो मार्च से शुरू होगा ‘पहला वोट मोदी को’ अभियान
भाजपा युवा मोर्चा दो मार्च से एक विशेष अभियान शुरू करेगा। इसका लक्ष्य पहली बार मतदान करने वाले मतदाता होंगे और उन्हें पहला वोट मोदी को देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी और केंद्र की योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा प्रचार किया जाएगा।
