सोशल मीडिया पर एक युवक को मनसे (महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना) प्रमुख राज ठाकरे के खिलाफ लिखना महंगा पड़ गया। जिसके बाद गुरुवार को युवक को मनसे कार्यकर्ताओं ने ढूढ़ निकाला और उसकी पिटाई की। यहीं नहीं कार्यकर्ताओं ने युवक की पिटाई के बाद उसका वीडियो भी शूट किया और बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। देखते ही देखते ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
कौन है युवक: जानकारी के मुताबिक युवक का नाम रोहित है। जिसकी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ताओं ने पिटाई की। पिटाई के बाद उन्होंने युवक से 50 बार करीब उठक- बैठक भी करवाई। बता दें कि जानकारी के मुताबिक युवक ने राज ठाकरे के आधिकारिक फेसबुक पेज पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। वहीं ऐसा बताया जा रहा है कि युवक भाजपा युवा मोर्चा से जुड़ा रहा है।
भाजपा ने केस दर्ज करवाने की कही बात: इस वीडियो के सामने आने के बाद भाजपा युवी मोर्चा ने राज ठाकरे और उनके कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।
यह लिखा था फेसबुक पेज पर: जानकारी के मुताबिक रोहित ने राज ठाकरे के सोशल मीडिया पेज पर लिखा था,”देश को अब राज जैसे गुंडों की जरुरत नहीं है। बल्कि अब देश की एक ही मांग है नरेंद्र मोदी और अमित शाह।”