पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन 25 दिसंबर से भाजपा सुशासन हफ्ता मनाएगी। इस दौरान भाजपा केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का बखान करेगी। इससे पहले वसुंधरा विरोधी वरिष्ठ विधायक 24 दिसंबर को यहां दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को लेकर असंतुष्टों का सम्मेलन करेंगे। प्रदेश भाजपा ने वाजपेयी के जन्मदिन से सुशासन का सप्ताह जिला और मंडल स्तर पर मनाने का फैसला किया है। इसका आयोजन 25 से 31 दिसंबर तक किया जाएगा। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने पूरे देश में सुशासन सप्ताह मनाने का निर्देश दिया है। राज्य भाजपा का मुख्य समारोह यहां 25 दिसंबर को होगा। इसमें मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समेत तमाम बड़े नेता शामिल होंगे।

सुशासन सप्ताह को लेकर भाजपा की दिल्ली में रविवार को बैठक हुई थी। इस बैठक में प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष भजनलाल शर्मा शामिल हुए थे। शर्मा ने ही केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशों की जानकारी प्रदेश नेतृत्व को दी। इसके बाद ही सुशासन सप्ताह के लिए पार्टी ने अपनी सभी जिला और मंडल इकाईयों को निर्देश जारी किए हैं। इसमें प्रदेश के मंत्री और पदाधिकारी जिलों में जाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनहित की नीतियों और योजनाओं का प्रचार प्रसार करेंगे।

राज्य भाजपा में इन दिनों खासी हलचल मची हुई है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कट्टर विरोधी वरिष्ठ विधायक घनश्याम तिवाड़ी ने प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। प्रदेश भाजपा ने तिवाड़ी को इन दिनों पूरी तरह से अलग-थलग कर रखा है। तिवाड़ी ने दीनदयाल उपाध्याय स्मृति संस्थान बना कर पार्टी की विचारधारा का प्रसार प्रचार की मुहिम छेड़ रखी है। इसके लिए उन्होंने पार्टी के आयोजन से ठीक एक दिन पहले 24 दिसंबर को प्रदेश स्तरीय प्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन तय कर रखा है। प्रदेश भाजपा तिवाड़ी के आयोजन की समीक्षा करेगी।

तिवाड़ी ने अपने आयोजन की तैयारियों को लेकर पूरी ताकत लगा रखी है। संस्थान की तरफ से सोमवार को आयोजन को लेकर पत्रकारों को जानकारी दी गई। इसमें बताया गया कि पूरे प्रदेश के मूल भाजपाइयों में उत्साह का माहौल बना हुआ है। तिवाड़ी का कहना है कि उनका आयोजन किसी के विरोध में नहीं हो रहा है।

तिवाड़ी का कहना है कि राजनीति में पवित्र लोग आगे आएं, इस मकसद से उनका आयोजन है। उनका कहना है कि पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से नहीं भटके और कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान मिले यही वो चाहते हैं। तिवाड़ी ने इशारों-इशारों में ही राज्य की अपनी ही पार्टी की वसुंधरा सरकार की कार्यशैली को भी निशाना बनाया। तिवाड़ी का कहना है कि प्रतिनिधि सम्मेलन में भाजपा के सभी नेताओं को बुलाया गया है।