भाजपा के उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के ‘‘डूबते हुए’’ जहाज को बचाने की अंत तक कोशिश करने के बजाए वह इससे कूदने वाले पहले व्यक्ति है। चौहान ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘हमने सुना है कि जब कोई जहाज डूब रहा होता है, तो वह कैप्टन होता है जो उसे बचाने के लिए अंत तक उस पर रहता है। लेकिन कैप्टन सबसे पहले कांग्रेस के जहाज से कूद गया है।’’उन्होंने कहा कि किसी को पता नहीं है कि कांग्रेस का अध्यक्ष कौन है।
शिवराज ने विपक्ष पर साधा निशानाः भाजपा की सदस्यता अभियान के ‘प्रमुख’ (संयोजक) चौहान ने कहा कि पार्टी जल्द ही अपना सदस्यता अभियान शुरू करेगी। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी पार्टियां बुरी स्थिति में है। उत्तर प्रदेश में सपा और बसपा ‘‘अलग हो गई है’’ और गांधी ‘‘जहाज से कूद गए हैं।’’चौहान ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य 2023 में तेलंगाना में अगले विधानसभा चुनावों के बाद सरकार बनाने का है।
National Hindi News, 27 June 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
सरकार हटाए जाने का लोगों को पछतावाः मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार की स्थिरता पर ‘‘बहस’’ के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह सरकार सपा, बसपा और निर्दलीयों के समर्थन से बनाई गई थी। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है जहां सचिवालय दलालों का ‘‘अड्डा’’ बन गया है। चौहान ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में उनकी सरकार को हटाए जाने का लोगों को पछतावा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मध्य प्रदेश में लोकसभा की एक सीट को छोड़कर सभी सीटों पर जीत दर्ज की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल गांधी ने एक बार फिर कहा कि वह अध्यक्ष पद पर बने नहीं रहना चाहते हालांकि कांग्रेस सांसदों ने राहुल गांधी से आग्रह किया कि वह पद पर बने रहें।
