भाजपा नेता रूपा गांगुली रविवार (22 मई) को तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के हमले में घायल हो गईं। उनके सिर में चोट आई है। घटना दक्षिण 24-परगना जिले के काकद्वीप के पास ईश्वरीपुर में हुई। पुलिस सूत्रों ने यहां इसकी जानकारी दी। भाजपा ने इस हमले के लिए तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेताओं को जिम्मेदार ठहराया है। लेकिन तृणमूल ने इस आरोप का खंडन किया है। हमलावरों ने रूपा की कार पर हमला कर उसके शीशे तोड़ दिए। इलाके में भाजपा का बूथ एजंट होने के आरोप में शनिवार को एक महिला के साथ मारपीट की गई थी। रूपा रविवार (22 मई) को उसी महिला को देखने काकद्वीप अस्पताल गई थी।
Read Also: किरण बेदी बनीं पुदुचेरी की नई लेफ्टिनेंट गवर्नर, राष्ट्रपति मुखर्जी ने दी मंजूरी
वहां से उस महिला के गांव की ओर जाते समय रास्ते में ही कुछ लोगों ने उनकी कार को घेर कर लाठी और डंडों से उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने कार में भी तोड़-फोड़ की। इस हमले में सिर पर चोट लगने की वजह से रूपा को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Read Also: कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी बोलीं- मुझे मिली निर्भया की तरह रेप करके मार देने की धमकी
भाजपा ने हमले की कड़ी निंदा की है। पार्टी के नेता जय प्रकाश मजुमदार ने इस हमले के लिए तृणमूल को जिम्मेदार ठहराते हुए हमलावरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस इस मामले में मूक दर्शक बनी रही। पार्टी के महासचिव राहुल सिन्हा ने भी इसकी निंदा की। उन्होंने कहा कि एक महिला मुख्यमंत्री के राज में एक महिला नेता पर हमले से साफ है कि राज्य में लोकतंत्र नाम की कोई चीज नहीं बची है।
Read Also: पार्टी की हार से नाराज कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा- 15-20 नेताओं को छुट्टी पर भेजो
सिन्हा ने कहा कि भारी बहुमत से सत्ता में वापसी के बावजूद ऐसे हमले तृणमूल कांग्रेस को शोभा नहीं देते। मजुमदार ने कहा कि मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी की कथनी व करनी में भारी अंतर है। वे एक ओर तो शांति बनाए रखने की अपील करती हैं जबकि दूसरी ओर उसके कार्यकर्ता विपक्षी नेताओं पर हमले कर रहे हैं।
READ ALSO: PHOTOS: टीवी एक्ट्रेस रहीं रूपा गांगुली बनीं पश्चिम बंगाल BJP महिला विंग की प्रमुख