BJP MLA Arvind Giri Dies: लखीमपुर खीरी जिले के गोला विधानसभा के विधायक अरविंद गिरी का हार्ट अटैक से निधन हो गया है। वो सुबह अपने घर से लखनऊ के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में जैसे ही उनकी गाड़ी अटरिया पहुंची उन्हें सीने दर्द हुआ उनके साथ मौजूद लोगों ने उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विधायक की अचानक हुई मौत से हर कोई स्तब्द रह गया। गोला विधानसभा से अरविंद गिरी पांचवीं बार चुनाव जीत कर विधानसभा पहुंचे थे।
अरविंद गिरी के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। सीएम योगी ने उनके आसमयिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘लखीमपुर खीरी जनपद की गोला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक श्री अरविन्द गिरि जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!’
Arvind Giri Dies: सपा प्रमुख और पूर्व CM अखिलेश ने जताया निधन
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीजेपी विधायक के निधन पर दुख जताया है। अखिलेश यादव ने ट्विटर पर बीजेपी विधायक के निधन का शोक व्यक्त करते हुए लिखा, ‘लखीमपुर खीरी के गोला से भाजपा विधायक श्री अरविंद गिरी जी का आकस्मिक निधन, अत्यंत दुखद! शोकाकुल परिजनों के प्रति गहन संवेदना। दिवंगत आत्मा को शांति दें भगवान। विनम्र श्रद्धांजलि।’
Arvind Giri Dies: ऐसा रहा गिरि का सियासी सफर
अरविंद गिरी की जन्म 30 जून साल 1958 में हुआ था। 1994 में में गिरी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत समाजवादी पार्टी से की थी। एक साल के बाद ही वो 1995 में गोला नगर पालिका अध्यक्ष बने थे इसके एक साल बाद यानि 1996 में पहली बार वो सपा के टिकट पर 49 हजार वोटों से जीतकर पहली बार विधानसभा पहुंचे थे। सन 2000 में वो एक बार फिर नगर पालिका अध्यक्ष बने।
Arvind Giri Dies: गिरि के निधन पर पूरे जिले में शोक की लहर
2002 में एक बार फिर गिरि सपा के टिकट पर विधानसभा पहुंचे। 2007 में तीसरी बार सपा के टिकट पर विधानसभा पहुंचे साल 2012 में वो बसपा के टिकट पर जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। साल 2017 में एक बार फिर गिरी ने राजनीतिक पार्टी बदली और भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया और फिर इस बार वो बीजेपी के टिकट पर जीतकर विधानसभा पहुंचे। 2022 में भी उन्होंने बीजेपी के टिकट पर विधानसभा का सफर तय किया। अचानक हुई गिरी की मौत पर पूरे जिले में शोक की लहर है।
