Ram Rahim: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम 40 दिनों की पैरोल पर बाहर आया है। वो रेप और हत्या के मामले में दोषी है और जेल में सजा काट रहा है। भाजपा नेता गुरमीत राम रहीम के सत्संग में शामिल होते हुए दिखाई दे रहे हैं। बुधवार (19 अक्टूबर) को राम रहीम ने उत्तर प्रदेश के बागपत आश्रम में ऑनलाइन सत्संग किया था। इस सत्संग में करनाल की मेयर रेणु गुप्ता को वीडियो कॉलिंग के माध्यम से आशीर्वाद दिया था। मेयर रेणु गुप्ता बीजेपी से हैं उनके अलावा इस सत्संग में जिला अध्यक्ष योगेंद्र राणा, डिप्टी मेयर नवीन कुमार व सीनियर डिप्टी मेयर राजेश ने भी शिरकत की थी।

वहीं जब बीजेपी नेताओं के सत्संग में शामिल होने के वीडियो वायरल होने लगा तो लोगों ने राम रहीम के पैरोल पर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए। इस पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा, जेल के अपने नियम-कानून होते हैं। सीएम खट्टर ने कहा कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को दी गई पैरोल में उनकी कोई भूमिका नहीं थी क्योंकि जेलों के अपने नियम होते हैं। आपको बता दें कि बुधवार को करनाल की मेयर रेणु गुप्ता ने वीडियो कॉलिंग के माध्यम से राम रहीम से कहा था, ‘पिता जी आपका आशीर्वाद बना रहे। आपके स्वच्छता के संदेश से करनाल आगे बढ़ा है। आप करनाल के साथ अपना आशीर्वाद बनाए रखिए।’

सोशल मीडिया पर हुआ जमकर विरोध, मिले ऐसे कमेंट्स

राम रहीम की पैरोल पर सोशल मीडिया में लोगों ने जमकर सरकार को ट्रोल किया है। प्रदीप गुप्ता नाम के एक यूजर ने लिखा है,’आदमपुर का चुनाव करवा कर फिर अंदर चले जाएंगे।’ वहीं प्रदीप राणा नाम का ट्विटर यूजर लिखता है, ‘आदमपुर के इलेक्शन के लिए सरकार ने राम रहीम को बाहर निकाला है। सत्ता पाने के लिए लोग कुछ भी कर सकते हैं।’ कुमुद रंजन पटेल नाम के ट्विटर हैंडल ने लिखा है, ‘बीजेपी चुनाव जीतने के लिए किसी हद तक नीचे जा सकती है और हरियाणा में उप – चुनाव हो रहा है इसलिए इसे बाहर किया गया है।’

इस मामले में राम रहीम को हुई थी सजा

हरियाणा के सिरसा में राम रहीम का आश्रम था जहां उसने दो महिला अनुयायियों के साथ बलात्कार किया था इस मामले में कोर्ट ने राम रहीम को 20 साल की कैद की सजा सुनाई थी। अगस्त 2017 में सीबीआई की विशेष अदालत ने राम रहीम को दोषी पाया था और डेरा सच्चा सौदा के प्रबंधक रंजीत सिंह की हत्या के मामले में भी भी कोर्ट ने उसे उम्र कैद की सजा सुनाई थी। इसके पहले इसी साल फरवरी में भी राम रहीम की 21 दिनों की पैरोल मंजूर की गई थी।