भाजपा ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रताप सिंह बाजवा ने राज्य में सत्ता हासिल करने के लिए एक ‘षड्यंत्र’ रचा है और शांति भंग करने के लिए कट्टरपंथियों का समर्थन कर रहे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तरुण चुग ने आरोप लगाया कि इस षड्यंत्र के तहत कांग्रेस विधायक रमनजीत सिंह सिक्की और किसान इकाई अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह जीरा को 10 नवम्बर को गांव छब्बा में आयोजित होने वाले सिख जमावड़े में खुलेआम कट्टरपंथियों का समर्थन करने के लिए भेजा गया था।

चुग ने आरोप लगाया कि वर्तमान में कांग्रेस के दिमाग में एक ही चीज है कि किस तरह से राज्य की सत्ता हथियानी है और फिर से वापसी करनी है। उन्होंने कहा, ‘यह गौर करना दुखद है कि कांग्रेस कुछ राजनीतिक बढ़त हासिल करने के लिए इतना नीचे गिर गई है।’

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि कांग्रेस को देश के लोगों को स्पष्टीकरण देना चाहिए और विशेष तौर पर पंजाब के लोगों को कि उसने ऐसे तत्वों से ‘हाथ क्यों मिलाया’ जो देश की एकता और अखंडता को खुलेआम चुनौती देते हुए एक अलग एवं स्वतंत्र खालिस्तान की मांग करते हैं।