तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में सोमवार (14 जून 2022) को भाजपा कार्यकर्ताओं ने नूपुर शर्मा के समर्थन में एकजुटता रैली निकाली। रात साढ़े आठ बजे के करीब 20 भाजपा कार्यकर्ताओं ने ये एकजुटता रैली निकाली। जिसके बाद इसके विरोध में एक समूह सामने आया और दोनों गुटों में तीखी बहस हुई। पुलिस ने पहुंचकर दोनों गुटों के लोगों को तितर-बितर किया।

एसीपी बेगमपेट, नरेश रेड्डी ने बताया कि ये रैली गैरकानूनी थी, इसके लिए इजाजत नहीं ली गयी थी। भाजपा के 7 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए इलाके की दुकानें बंद कर दी गई हैं।

एक पुलिसकर्मी ने बताया, “यह बवाल तब शुरू हुआ जब सोमवार रात भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ता प्रकाश के नेतृत्व में एक समूह निलंबित भाजपा नेता नूपुर शर्मा के समर्थन में हसमतपेट में अंबेडकर प्रतिमा के पास जमा हो गया। लोगों के एक समूह ने नारे लगाये और तख्तियां लिए हुए रैली निकाली। पुलिस ने बताया कि यह देखने के बाद एक अन्य समूह वहां जमा हो गया और नूपुर शर्मा के खिलाफ नारेबाजी करने लगा। इसके बाद दोनों गुटों के बीच बहस शुरू हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों पक्षों के लोगों को तितर-बितर कर दिया और अब स्थिति शांतिपूर्ण है।

नगर आयुक्त सीवी आनंद ने कहा कि प्रकाश और उनके समर्थकों ने बिना अनुमति के प्रदर्शन किया था। हम उनके खिलाफ केस दर्ज करेंगे। दूसरे गुट के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाएगा।” उन्होंने कहा कि इस दौरान कोई हिंसा नहीं हुई।”

बोवेनपल्ली पुलिस थाने के एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि अनुमति के बिना रैली आयोजित करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने कहा, ‘‘हम दूसरे समूह के बारे में भी जांच कर रहे हैं और उसके अनुसार कार्रवाई करेंगे।’’

देशभर में हुए थे उग्र प्रदर्शन: पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी को लेकर देश के कई हिस्सों में 10 जून 2022 को उग्र प्रदर्शन हुए। कई राज्यों में जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़कों पर उतरा था। कश्मीर से लेकर हैदराबाद तक और दिल्ली से लेकर बंगाल तक एक साथ प्रदर्शन किया गया था। कई जगहों पर इन प्रदर्शनों ने हिंसक रूप ले लिया था जहां उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया और पुलिस पर पत्थर भी फेंके।