तेलंगाना के बाद ओडिशा में भी सियासी गहमागहमी तेज हो गई है। बीजू जनता दल (BJD) के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात कर ओडिशा भाजपा (BJP) नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता और कार्यकर्ता राज्य के धामनगर विधानसभा उपचुनाव में बड़े पैमाने पर चुनावी गड़बड़ी करने और अवैध तरीके से मतदाताओं को लुभाने की कोशिश में लगे हैं।
कुल छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव तीन नवंबर को होने जा रहे हैं। उसमें यह विधानसभा सीट भी शामिल है। परिणाम 6 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। बीजद सांसद के सस्मित पात्रा की अगुवाई वाले इस प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग को ज्ञापन सौंपा जिसमें आरोप लगाया गया है कि ओडिशा के भाजपा नेताओं ने यह आरोप लगाकर फर्जी वीडियो बनाया है और उसे सोशल मीडिया मंचों पर प्रसारित कर रहे हैं कि राज्य की स्वयं सहायता समूहों की सदस्य (मिशन शक्ति मा) इस उप चुनाव में पैसे बांट रही हैं।
पात्रा ने कहा कि भाजपा की ओडिशा इकाई के नेता न सिर्फ राज्य के स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों की छवि खराब कर रहे हैं, बल्कि प्रदेश और देश का भी नुकसान कर रहे हैं। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता धनबल का उपयोग कर रहे हैं।
तेलंगाना में KCR की पार्टी ने भी भाजपा पर हार्स ट्रेडिंग करने का लगाया आरोप
इससे पहले तेलंगाना सरकार ने भाजपा पर उसके चार विधायकों को खरीदने की कोशिश करने का आरोप लगाया। TRS ने इस पूरे मामले में BJP को दोषी ठहराया है। पार्टी के प्रवक्ता कृष्णक ने कहा कि KCR के विधायक बिकने वाले नहीं है। TRS के जिन विधायकों को खरीदने की कोशिश की गई, उनमें गुववाला बलाराजू, बीरम हर्षवर्धन, पायलट रोहित रेड्डी, रेगा कंथाराव शामिल हैं।
केसीआर की पार्टी तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) का कहना है कि भाजपा हार्स ट्रेडिंग कर रही है और उसके विधायकों को मोटी रकम देकर अपने पाले में खींच रही है। साइबराबाद पुलिस ने दावा किया है कि एक फार्महाउस की तलाशी के दौरान 3 लोगों को अरेस्ट किया गया। ये तीनों KCR की पार्टी TRS के विधायकों को खरीदने आए थे। इनके पास से नकदी और चेक भी बरामद किए गए हैं।