जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे रहने वाले फिल्म एक्टर सोनू सूद एक बार फिर चर्चाओं में हैं। इस बार उन्होंने बिहार की एक दिव्यागं बेटी की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है, जो एक पैर से 1 किलोमीटर पैदल चलकर रोजाना अपने स्कूल जाती है। जब सोनू सूद को इस बारे में पता चला तो वह बच्ची की मदद के लिए आगे आए।
दरअसल, एक वीडियो इन दिनों काफी वायरल हो रहा है, जिसमें एक छोटी बच्ची एक पैर से अपने स्कूल जाती नजर आ रही है। एक हादसे में लड़की का पैर काटना पड़ा था। लड़की का एक पैर नहीं है, लेकिन उसके हौसले बुलंद हैं। पूरे जज्बे के साथ वह रोजाना एक किलोमीटर का रास्ता पैदल तय करके स्कूल जाती है। उसके इस हौसले को सोनू सूद ने भी सलाम किया और तुरंत मदद का ऐलान किया। एक्टर ने बच्ची की वीडियो देखकर एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा- अब यह अपने एक नहीं दोनो पैरों पर कूद कर स्कूल जाएगी। टिकट भेज रहा हूं, चलिए दोनों पैरों पर चलने का समय आ गया।
कौन है यह बच्ची?
यह बच्ची बिहार के जमुई की रहने वाली है, जिसका नाम सीमा बताया जा रहा है। इस बच्ची का सपना बड़े होकर टीचर बनने का है। वो चाहती है कि टीचर बनकर वह अपने आसपास के लोगों को एकजुट करे। सीमा की उम्र 10 साल है और दो साल पहले एक हादसे में उसे एक पैर गंवाना पड़ा था। हादसे के कारण उसका पैर काटना पड़ा था। इतनी मुसिबतों के बाद भी सीमा का हौसला नहीं टूटा और उसने स्कूल जाना जारी रखा। सीमा एक गरीब परिवार से है और उसके पिता मजदूरी करते हैं। सीमा एक पैर के ही सहारे सारे काम करती है। उसकी कहानी कई लोगों के लिए प्रेरणा है।
बता दें कि कुछ दिन पहले सोनू सूद ने बिहार के वायरल किड सोनू कुमार की मदद का एलान किया था। सोनू ने बिहार सरकार से स्कूल में एडमिशन के लिए गुहार लगाई थी और अच्छी शिक्षा का हक मांगा था। सोनू का वीडियो वायरल होने के बाद सोनू सूद ने मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया। एक्टर ने सोनू का प्राइवेट स्कूल में एडमिशन करवा दिया था।
बिहार के मंत्री ने भी सीमा की मदद के लिए बढ़ाया हाथ आगे
बिहार के भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने भी सीमा की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि जमुई जिलान्तर्गत खैर प्रखंड के फतेहपुर गांव की रहने वाली मेधावी बच्ची सीमा के पूरे इलाज के खर्च की जिम्मेदारी अब महावीर चौधरी ट्रस्ट उठाएगा।